पेंड्रा व्यापारी हत्याकांड में नया मोड़: व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर ली हत्या की जिम्मेदारी

Advertisement
Advertisement

मृतक के भाई को मिली धमकी- “गोली मैंने मारी, जो उखाड़ते बने उखाड़ लेना”, पुलिस ने दर्ज किया केस

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही । पेंड्रा नगर के चर्चित सर्राफा व्यापारी प्रदीप सोनी लूट और हत्याकांड में एक सनसनीखेज मोड़ आया है। मृतक के छोटे भाई मनोज सोनी के व्हाट्सएप पर एक अज्ञात नंबर से धमकी भरा मैसेज भेजकर हत्याकांड की जिम्मेदारी ली गई है।

क्या लिखा है मैसेज में
मैसेज में लिखा है- “प्रदीप कुमार सोनी की गोली मारकर हत्या मैंने की है, जो उखाड़ते बने उखाड़ लेना।” इस धमकी भरे मैसेज के बाद से पीड़ित परिवार में एक बार फिर दहशत का माहौल है।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध
मनोज सोनी की लिखित शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से नंबर की पहचान और आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने में जुट गई है।

जांच भटकाने की साजिश भी हो सकती है
पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि यह मैसेज सचमुच किसी आरोपी ने भेजा है या फिर जांच भटकाने और परिवार को डराने के लिए ऐसा किया गया है।

अब तक 4 आरोपी गिरफ्त में
गौरतलब है कि इस चर्चित हत्याकांड में पुलिस अब तक 3 आरोपियों को जेल भेज चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी को झारखंड से संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश के बीच इस व्हाट्सएप मैसेज ने पुलिस की तफ्तीश को और तेज कर दिया है।

Advertisement
Share This Article