नवीन आचार्य प्रशिक्षण वर्ग-2026 का शुभारंभ आज, रामपुर में जुटेंगे कोरबा और सक्ती जिले के शिक्षाविद

Advertisement
Advertisement

भारतीय संस्कृति, शिक्षण पद्धति और राष्ट्र निर्माण के मूल्यों पर मिलेगा दस दिवसीय प्रशिक्षण

कोरबा (रामपुर)। सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति जिला कोरबा एवं जिला सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में दस दिवसीय नवीन आचार्य प्रशिक्षण वर्ग-2026 का आयोजन 5 जून सायंकाल से 16 जून प्रातः तक किया जा रहा है। प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन समारोह 6 जून को सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामपुर (विकासखंड करतला) में आयोजित होगा।

प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य नवीन आचार्यों को भारतीय संस्कृति, शिक्षण पद्धति, संगठनात्मक कार्यप्रणाली तथा राष्ट्र निर्माण के मूल्यों से परिचित कराना है। कार्यक्रम में दोनों जिलों के अनेक आचार्य एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े कार्यकर्ता सहभागिता करेंगे।

प्रदेश स्तर के पदाधिकारी रहेंगे शामिल, शिक्षा और संस्कार पर होगा विशेष मार्गदर्शन

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य हस्तशिल्प बोर्ड एवं विपणन संघ के सह-संयोजक प्रदेशाध्यक्ष भोजराम देवांगन होंगे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति छत्तीसगढ़ प्रांत के सचिव पुरन्दन कश्यप रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति जिला कोरबा के उपाध्यक्ष रमेश मिश्रा करेंगे।

कार्यक्रम में सरस्वती ग्राम शिक्षा समिति जिला सक्ती के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, जिला कोरबा के अध्यक्ष महेश गुप्ता, सचिव सुनील पाण्डेय, सहसचिव नरेश पटेल, कोषाध्यक्ष जितेन्द्र सिंह, जिला सक्ती के कोषाध्यक्ष विश्राम सागर साहू, गौ सेवा आयोग जिला कोरबा के अध्यक्ष विनय सिंह राठिया तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अटल बिहारी दीक्षित सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

नवीन आचार्यों को शैक्षणिक और संगठनात्मक विषयों का दिया जाएगा प्रशिक्षण

वर्गाधिकारी राजेन्द्र सिंह राठिया ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग के माध्यम से नवीन आचार्यों को शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य शिक्षकों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अधिक प्रभावी और सक्षम बनाना है।

उद्घाटन समारोह में शामिल होने की अपील, तैयारियां पूर्ण

विद्यालय के प्रधानाचार्य दर्शन दास महंत, वर्ग संयोजक ईश्वर श्रीवास एवं विद्यालय परिवार ने शिक्षाविदों, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों तथा समाज के प्रबुद्धजनों से उद्घाटन समारोह में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।


 

Advertisement
Share This Article