ऑपरेशन आघात के तहत धरमजयगढ़ और खरसिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 40 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का सख्त प्रहार, अलग-अलग जगहों पर की गई रेड कार्रवाई

रायगढ़ जिले में “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए धरमजयगढ़ और खरसिया क्षेत्र से कुल 40 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

धरमजयगढ़ में 25 लीटर महुआ शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

सूचना के आधार पर धरमजयगढ़ पुलिस ने दुर्गापुर क्षेत्र में दबिश देकर एक घर की बाड़ी से अवैध रूप से रखी गई 25 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी अनिल कुमार शर्मा (21 वर्ष), निवासी बिहार, हाल निवासी दुर्गापुर से पूछताछ में उसने शराब बिक्री की बात स्वीकार की।

पुलिस ने मौके से जरीकेन और प्लास्टिक बोतलों में भरी शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।

खरसिया में मालधक्का रोड पर 15 लीटर शराब जब्त

इसी तरह खरसिया चौकी पुलिस ने मालधक्का रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 15 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ आरोपी मनोज धर्मा (32 वर्ष), निवासी मौहापाली को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा और शराब जब्त की।

आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कई जवानों की भूमिका

दोनों कार्रवाइयों में थाना धरमजयगढ़ और चौकी खरसिया की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि इस तरह की गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि नशामुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।

Share This Article