ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं, योजनाओं और कानूनों की दी गई जानकारी
माड़ मैत्री अभियान के तहत ग्राम पदमकोट में माड़ मैत्री चौपाल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया एवं 41वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट बेनुधर नायक के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। चौपाल का संचालन पदमकोट कैंप के सहायक कमांडेंट दिनेश एवं महिपाल सिंह द्वारा किया गया।

ग्रामीणों की समस्याओं पर हुई चर्चा
चौपाल के दौरान ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना गया। उपस्थित अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक सुझाव और मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही ग्रामीणों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनका अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और नए कानूनों पर जागरूकता
कार्यक्रम में ग्रामीणों को नवीन कानूनों, नागरिक अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम, मोटर वाहन अधिनियम, निःशुल्क विधिक सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत और नालसा हेल्पलाइन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। युवाओं को “माड़ मित्र” बनकर समाज और सुरक्षा बलों के बीच सकारात्मक संवाद स्थापित करने के लिए भी प्रेरित किया गया।

पदमकोट को बनाया जाएगा आदर्श ग्राम
कमांडेंट बेनुधर नायक के निर्देशानुसार 41वीं वाहिनी आईटीबीपी द्वारा गांवों को गोद लेकर उन्हें आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में ग्राम पदमकोट को गोद लिया गया है। गांव में स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत सुविधाओं और अन्य विकास कार्यों के लिए ग्रामीणों के सहयोग से विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

सुरक्षा बलों के प्रति जताया विश्वास
चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और आईटीबीपी के जवानों ने भाग लिया। ग्रामीणों ने माड़ मैत्री अभियान की सराहना करते हुए सुरक्षा बलों के प्रति अपना विश्वास व्यक्त किया और गांव के विकास में सहयोग का भरोसा दिलाया।


