रायगढ़ : दिनांक 29 मई 2026 को एचडीएफसी बैंक परिवर्तन के सहयोग से PRADAN रायगढ़ टीम द्वारा रायगढ़ के 8 गांवों के किसानों एवं टीम सदस्यों का झारखंड राज्य के गुमला जिले के घाघरा प्रखंड स्थित पोढ़ा गांव में संचालित बायो रिसोर्स सेंटर (BRC) एवं जैविक खेती मॉडल का एक्सपोजर विजिट आयोजित किया गया।

इस भ्रमण का उद्देश्य किसानों को BRC सेंटर की कार्यप्रणाली, जैविक खेती के सफल मॉडल तथा ग्रामीण महिलाओं द्वारा संचालित गतिविधियों से हो रहे भूमि सुधार एवं अन्य लाभों की समझ विकसित करना था, ताकि रायगढ़ क्षेत्र में नए BRC सेंटर की शुरुआत की जा सके तथा जैविक खेती को और प्रभावी तरीके से बढ़ावा दिया जा सके।

भ्रमण के दौरान टीम ने वर्ष 2021 से BRC सेंटर संचालित कर रही राजमुनी देवी एवं महिला समूहों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि शुरुआत में किसान जैविक खेती अपनाने के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन महिलाओं ने स्वयं छोटे स्तर पर जैविक खेती शुरू कर उसके सकारात्मक परिणाम दिखाए। धीरे-धीरे अन्य किसान भी इससे जुड़ते गए और आज लगभग 600 किसान महिलाएं जैविक खेती से जुड़ चुकी हैं।

BRC द्वारा तैयार किए जा रहे सुपर कम्पोस्ट, बहु-बीज विटामिन टॉनिक, अग्निअस्त्र, ब्रह्मास्त्र, जीवामृत, वर्मी कम्पोस्ट सहित विभिन्न जैविक उत्पादों को देखा गया तथा उनके निर्माण एवं उपयोग की जानकारी प्राप्त की गई। वर्तमान में यह BRC सेंटर किसानों एवं एफपीओ को जैविक खाद और जैविक कीटनाशक उपलब्ध करा रहा है।
किसानों ने बताया कि जैविक खेती अपनाने से मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। खेतों में धान की पैरा से मल्चिंग करने के कारण नमी लंबे समय तक बनी रहती है, खरपतवार कम उगते हैं तथा सिंचाई के लिए कम पानी की आवश्यकता पड़ती है।
यह एक्सपोजर विजिट किसानों एवं महिला समूहों के लिए सीख और प्रेरणा का महत्वपूर्ण अवसर साबित हुआ, जिससे रायगढ़ क्षेत्र में जैविक खेती एवं BRC मॉडल को मजबूत करने की दिशा में नई समझ विकसित हुई।


