एक्के नंबर सब्बो बर: जशपुर जिले में डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जेन सेवा का शुभारंभ, 11 ईआरवी और 2 हाईवे पेट्रोल वाहन रवाना

Advertisement

जशपुर। छत्तीसगढ़ शासन और पुलिस विभाग द्वारा नागरिकों को त्वरित एवं एकीकृत आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जेन योजना का जशपुर जिले में शुभारंभ किया गया। पुलिस लाइन जशपुर में आयोजित कार्यक्रम में जिले को आबंटित 11 आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहन (ERV) और 2 हाईवे पेट्रोल वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम में विधायक पत्थलगांव एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय, विधायक जशपुर रायमुनी भगत, सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, माटीकला बोर्ड अध्यक्ष शम्भूनाथ चक्रवर्ती, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, कलेक्टर रोहित व्यास, डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों को मिलेगा सीधा लाभ

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक गोमती साय ने कहा कि डायल-112 फेस-2 नेक्स्ट जेन योजना समय की आवश्यकता के अनुरूप एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे जशपुर के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आपातकालीन परिस्थितियों में तेजी से सहायता उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कहा कि इससे पुलिस व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा भी बढ़ेगा।

वहीं विधायक रायमुनी भगत ने कहा कि यह योजना महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने नागरिकों से आपात स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करने की अपील की।

एक नंबर पर मिलेगी कई सेवाएं

डायल-112 सेवा “एक्के नंबर सब्बो बर” की अवधारणा पर आधारित है। इसके अंतर्गत एक ही नंबर पर पुलिस सहायता, मेडिकल इमरजेंसी, महिला एवं चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा सहायता और हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को जोड़ा गया है।

अब नागरिक सिर्फ 112 नंबर डायल कर किसी भी आपात स्थिति में सहायता प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा 112 इंडिया मोबाइल ऐप, एसएमएस, ई-मेल, चैटबॉट, वेब रिक्वेस्ट और सोशल मीडिया के जरिए भी मदद ली जा सकेगी।

आधुनिक तकनीक से लैस हैं नए वाहन

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि फेस-2 नेक्स्ट जेन परियोजना के तहत आधुनिक तकनीक से लैस आपातकालीन वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें GPS ट्रैकिंग सिस्टम, रियल टाइम मॉनिटरिंग, मोबाइल डेटा टर्मिनल, वायरलेस संचार प्रणाली, डैश कैम और अन्य सुरक्षा उपकरण लगाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि कॉल प्राप्त होते ही कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से निकटतम वाहन को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया जाएगा, जिससे कम समय में सहायता उपलब्ध हो सकेगी।

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किए गए वाहन

जिले को मिले नए डायल-112 वाहनों को पत्थलगांव, बगीचा, कांसाबेल, कुनकुरी, तुमला, तपकरा, जशपुर, लोदाम, सन्ना, आस्ता और डायल-112 कंट्रोल रूम जशपुर में तैनात किया गया है। यह सेवाएं 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध रहेंगी।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 का उपयोग करें तथा इस सेवा का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करते हुए पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।

Share This Article