बलरामपुर-रामानुजगंज। जिले में आम नागरिकों की सुरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इमरजेंसी डायल-112 सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। इस सेवा के माध्यम से अब नागरिक किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर कॉल कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में डायल-112 सेवा शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते ने 10 इमरजेंसी डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं सरगुजा सांसद चितामणी महाराज ने वर्चुअल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल होकर आमजन को संबोधित किया।

आपात स्थिति में तुरंत मिलेगी सहायता
डायल-112 सेवा के माध्यम से सड़क दुर्घटना, मारपीट, चोरी, महिला सुरक्षा, घरेलू विवाद, फायर ब्रिगेड सेवा, एम्बुलेंस सहायता और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में नागरिकों को त्वरित मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बताया कि डायल-112 पर प्राप्त सूचनाओं पर पुलिस टीम तत्काल कार्रवाई करेगी, जिससे पीड़ितों तक समय पर सहायता पहुंच सकेगी। यह सेवा जिले के सभी क्षेत्रों में 24 घंटे सक्रिय रहेगी।
फर्जी कॉल से बचने की अपील
जिला पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में बिना घबराए डायल-112 का उपयोग करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही फर्जी अथवा अनावश्यक कॉल करने से बचें, ताकि वास्तविक जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।
कार्यक्रम में विधायक शकुंतला पोर्ते, पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, जिला वनमंडल अधिकारी आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

