रायगढ़ को मिली सुरक्षा की नई ताकत: वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने 16 अत्याधुनिक डॉयल-112 वाहनों को दिखाई हरी झंडी

By
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में रायगढ़ जिले को बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ डॉयल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन योजना के तहत जिले को 16 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) उपलब्ध कराए गए हैं। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बुधवार को पुराना पुलिस लाइन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि यह योजना सरकार की महत्वाकांक्षी पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कैबिनेट के महत्वपूर्ण निर्णय अब धरातल पर दिखाई देने लगे हैं और इससे पुलिस की कार्यक्षमता के साथ-साथ आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

अब एक ही नंबर पर मिलेगी कई आपात सेवाएं

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि डॉयल-112 योजना को अब प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित किया गया है। उन्होंने बताया कि फेज-2 के तहत पूरे प्रदेश में कुल 400 इमरजेंसी रिस्पांस वाहन तैनात किए गए हैं, जिनमें रायगढ़ जिले को 16 वाहन प्राप्त हुए हैं।

इन आधुनिक वाहनों में पीटीजेड कैमरा, डैश कैमरा, जीपीएस डिवाइस, मोबाइल डेटा टर्मिनल और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसी उन्नत तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे घटनास्थल पर तेजी से कार्रवाई संभव हो सकेगी।

पुलिस के साथ चिकित्सा और आपदा सेवाएं भी होंगी एकीकृत

नई डॉयल-112 व्यवस्था के तहत अब पुलिस सहायता के साथ-साथ चिकित्सा सेवा, अग्निशमन सेवा, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन और नेशनल हाईवे सेवाओं को भी एकीकृत किया गया है। इसके लिए रायपुर में अत्याधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (C4) स्थापित किया गया है, जहां से पूरे सिस्टम की निगरानी की जाएगी।

एसएसपी बोले – आधुनिक तकनीक से और मजबूत होगी पुलिसिंग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस आमजन की सुरक्षा और त्वरित सहायता के लिए तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग को लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से आपातकालीन सेवाओं की प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक तेज, प्रभावी और भरोसेमंद बनेगी।

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सभापति डिग्रीलाल साहू, नेता प्रतिपक्ष सलीम नियारिया सहित कई जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Advertisement
Share This Article