राजस्व सभापति की मौजूदगी में करदाताओं ने जमा की राशि, समय पर टैक्स भुगतान की अपील
जगदलपुर। नगर पालिका निगम जगदलपुर में एक करदाता द्वारा 16 वर्षों का बकाया संपत्ति कर एकमुश्त जमा कर जिम्मेदार नागरिक होने का उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। बुधवार को निगम कार्यालय में राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा एवं सहायक राजस्व निरीक्षक साधु राम बघेल की उपस्थिति में आर.एन. ठाकुर और प्रसून ठाकुर ने कुल 68 हजार 264 रुपये की राशि निगम को जमा की।
नगर निगम प्रशासन के अनुसार निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली आवासीय एवं व्यावसायिक संपत्तियों पर प्रतिवर्ष संपत्ति कर लगाया जाता है, जो नगर निगम के राजस्व का प्रमुख स्रोत होता है। यह कर संपत्ति के स्थान, आकार, निर्माण प्रकार और मूल्यांकन के आधार पर निर्धारित किया जाता है।
समय पर टैक्स नहीं भरने पर लगता है अधिभार
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि निर्धारित समय में कर जमा नहीं करने पर उस पर ब्याज और अतिरिक्त अधिभार भी लगाया जाता है। ऐसे में नागरिकों को समय पर टैक्स जमा करना चाहिए, ताकि अतिरिक्त आर्थिक भार से बचा जा सके।
निगम ने नागरिकों से की अपील
इस अवसर पर राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने करदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी नागरिक समय पर संपत्ति कर जमा करें। उन्होंने वर्ष 2026-27 के संपत्ति कर में मिलने वाली रियायतों और लाभों का लाभ उठाने की भी अपील की।


