चक्रधरनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तलवार और स्कॉर्पियो वाहन जब्त
रायगढ़। रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों में दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से धारदार तलवार और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पंडरीपानी रेलवे पुल के पास मुख्य सड़क पर कुछ युवकों द्वारा तलवार लहराकर राहगीरों को डराने-धमकाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई।
पुलिस घेराबंदी में पकड़े गए आरोपी
पुलिस टीम ने पंडरीपानी मेन रोड पुलिया के पास घेराबंदी कर तीन युवकों को एक सफेद रंग की महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन के पास खड़े होकर धारदार तलवार लहराते हुए पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विशाल चौहान (32 वर्ष) निवासी छोटे अतरमुड़ा थाना चक्रधरनगर, घनश्याम नायक (19 वर्ष) निवासी जामपाली थाना पुसौर तथा सदानंद पटेल (26 वर्ष) निवासी जामपाली थाना पुसौर बताया।
तलवार और वाहन जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक धारदार तलवार और घटना में प्रयुक्त चार पहिया वाहन जब्त किया। आरोपियों के विरुद्ध थाना चक्रधरनगर में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 एवं बीएनएस की धारा 3(5) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में एएसआई आशिक रात्रे, प्रधान आरक्षक एवं थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार के बल पर भय का माहौल बनाने, कानून व्यवस्था बिगाड़ने और शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ रायगढ़ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई करेगी।


