राउरकेला। आरएमसी के ठेका कर्मी सौम्य शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में रक्तरंजित अवस्था में मिले, जिसके बाद उनकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मामला उदित नगर थाना क्षेत्र के डीएवी बस्ती के पास रिंग रोड का बताया जा रहा है।
गश्ती दल ने अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
पुलिस गश्ती दल को भोर के समय सड़क किनारे गंभीर हालत में युवक मिला। उसे तत्काल आरजीएच अस्पताल पहुंचाया गया और परिजनों को सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सौम्य शर्मा को मृत घोषित कर दिया।

सिर और चेहरे पर गंभीर चोट, बाइक गायब
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक के सिर और चेहरे पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं। घटना स्थल से उनकी बाइक भी गायब बताई जा रही है, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक के भाइयों ने इस घटना को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जिस तरह से शरीर पर चोट के निशान हैं, वह सामान्य सड़क हादसा नहीं लग रहा।
राजनीतिक प्रतिक्रिया, निष्पक्ष जांच की मांग तेज
बीजद के युवा नेता बाबू खान ने भी मामले में हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी, मौत के कारणों पर सस्पेंस
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह हत्या है या सड़क हादसा।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोगों में आक्रोश के साथ न्याय की मांग तेज हो गई है।
