रायगढ़ में निवेश को रफ्तार देने पर जोर: कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

Advertisement

रायगढ़, 05 मई 2026। जिले में औद्योगिक निवेश को गति देने और निवेशकों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी की अध्यक्षता में जिला निवेश प्रोत्साहन समिति की अहम बैठक सृजन सभा कक्ष, कलेक्टर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और निवेश प्रक्रिया को सरल बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

सिंगल विंडो सिस्टम की समीक्षा, देरी बर्दाश्त नहीं

बैठक में सिंगल विंडो सिस्टम के तहत लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निवेशकों से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध और प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास जिले की आर्थिक मजबूती का आधार है, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं होगी।

अनुदान और क्लीयरेंस से जुड़े मामलों पर फोकस

बैठक में ब्याज अनुदान, स्थायी पूंजी निवेश अनुदान, परियोजना प्रतिवेदन, उत्पादन प्रमाण-पत्र, मंडी शुल्क व स्टाम्प शुल्क में छूट, मार्जिन मनी अनुदान जैसे मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर लंबित मामलों को जल्द से जल्द निपटाने के निर्देश दिए, ताकि निवेशकों का भरोसा बना रहे और नए उद्योग स्थापित हो सकें।

भूमि उपलब्धता और इंडस्ट्रियल क्लीयरेंस पर चर्चा

औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में भूमि की उपलब्धता को अहम बताते हुए लैंड बैंक, निजी भूमि अर्जन और शासकीय भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। साथ ही लंबित इंडस्ट्रियल क्लीयरेंस, एमओयू और अभिस्वीकृति पत्र प्राप्त इकाइयों की समस्याओं पर भी चर्चा कर समाधान के निर्देश दिए गए।

उद्योगों की समस्याएं सुनीं, श्रमिक सुरक्षा पर सख्ती के निर्देश

कलेक्टर ने उद्योग प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए कहा कि सभी उद्योग इकाइयों में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए, नियमित निरीक्षण हो और किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में अपर कलेक्टर अपूर्व प्रियेश टोप्पो, संयुक्त कलेक्टर पूजा बंसल, विभिन्न विभागों के अधिकारी, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि और खनन क्षेत्र से जुड़े उद्यमी मौजूद रहे। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की महाप्रबंधक अंजू नायक ने एजेंडा बिंदुओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की और अंत में सभी का आभार व्यक्त किया।

Share This Article