31 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा के लिए 7 मई को भूमिपूजन, गजमार पहाड़ मंदिर में भव्य आयोजन की तैयारी

Advertisement

रायगढ़। शहर के प्रसिद्ध गजमार पहाड़ स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर में 31 फीट ऊंची विशाल हनुमान प्रतिमा स्थापना को लेकर 7 मई को भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर पहाड़ मंदिर नव निर्माण समिति ने प्रेस वार्ता कर विस्तृत जानकारी साझा की।

जनसहभागिता से बनेगी भव्य हनुमान प्रतिमा, पर्यटन स्थल के रूप में होगा विकास

समिति के कोषाध्यक्ष बाबूलाल अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 1980 से आस्था का केंद्र रहे इस मंदिर को अब नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। विधायक एवं वित्त मंत्री ओपी चौधरी की पहल पर गजमार पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर कार्य जारी है, जिसमें सड़क, पक्के रास्ते और अन्य बुनियादी सुविधाएं शामिल हैं।

इसी क्रम में 31 फीट ऊंची हनुमान प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया है। यह प्रतिमा लगभग 9 टन वजनी होगी और कांस्य मिश्रित धातु से जयपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार द्वारा तैयार की जाएगी। इसकी अनुमानित लागत करीब ढाई करोड़ रुपए है। प्रतिमा को 20 फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर स्थापित किया जाएगा, जहां हॉल, भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों की सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

एक रुपए से सहयोग की अपील, पूरी तरह जनभागीदारी से होगा निर्माण

समिति ने बताया कि इस धार्मिक कार्य को पूरी तरह जनसहभागिता से पूरा किया जाएगा। आम नागरिकों से एक रुपए से लेकर स्वैच्छिक सहयोग राशि देने की अपील की गई है। सहयोग केवल प्रतिमा निर्माण के लिए लिया जाएगा। इस परियोजना के लिए सभी प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।

भूमिपूजन के साथ भजन-कीर्तन और भंडारे का आयोजन

कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार 7 मई को शाम 5:30 बजे भूमिपूजन होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में नगर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री ओपी चौधरी शामिल होंगे। इसके बाद शाम 7 बजे से भजन-कीर्तन, हवन-यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

व्यापक तैयारी, प्रशासन को दी गई सूचना

समिति के सचिव मनोज शर्मा ने बताया कि शहर की 40 से अधिक सामाजिक संस्थाओं को इस आयोजन से जोड़ा गया है, जिन्होंने सहयोग का भरोसा दिया है। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और ट्रैफिक विभाग को सूचना देकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

समिति के अध्यक्ष डॉ. पवन अग्रवाल ने शहरवासियों से इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने और सहयोग करने की अपील की है।

इस दौरान समिति के सदस्य दीपक डोरा, विकास केडिया, गणेश यादव, एस.डी. यादव, बलबीर शर्मा, चक्रधर पटेल, नरेश पंडा, कल्पेश पटेल, उमेश थवाईत और राजू हिंदुजा सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

Share This Article