ICICI बैंक में 23 करोड़ रुपये का गोल्ड लोन घोटाला, नागपुर की 9 ब्रांचें जांच के घेरे में

Advertisement

नागपुर । ICICI Bank में करीब 23 करोड़ रुपये के गोल्ड लोन घोटाले का मामला सामने आया है। यह खुलासा इंटरनल ऑडिट के दौरान हुआ, जिसके बाद बैंकिंग सेक्टर में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, नागपुर में बैंक की नौ ब्रांचों में नकली सोना गिरवी रखकर लोन लिया गया। बैंक के जोनल ऑफिस के कर्मचारी धनंजय रमेश थिटे की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए धंतोली पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

2023 से 2025 के बीच चला घोटाला
पुलिस के मुताबिक यह धोखाधड़ी जनवरी 2023 से अक्टूबर 2025 के बीच की गई। मामला तब सामने आया जब बैंक ने अपने गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का इंटरनल ऑडिट कराया। जांच में पाया गया कि कई ब्रांचों में गिरवी रखे गए गहने असली सोना नहीं थे, बल्कि नकली धातु का इस्तेमाल किया गया था।

195 खाताधारक शामिल
रिपोर्ट्स के अनुसार कुल 195 लोगों ने नकली सोना जमा कर लोन लिया। इन लोन की कुल राशि लगभग 23 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

कर्मचारियों की भूमिका पर भी जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या बैंक के कर्मचारी या अधिकृत वैल्यूअर इस घोटाले में शामिल थे। आमतौर पर गोल्ड लोन देने से पहले सोने की शुद्धता की जांच और मूल्यांकन की प्रक्रिया अनिवार्य होती है, इसलिए इतनी बड़ी रकम बिना अंदरूनी मिलीभगत के जारी होना संदिग्ध माना जा रहा है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की परतें खंगालने में जुटी है।

Share This Article