छत्तीसगढ़

जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 8 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से छुड़ाया, चार आरोपी गिरफ्तार, एक फरार पिकअप वाहन की तलाश जारी

Advertisement


जशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चौकी दोकड़ा क्षेत्रांतर्गत तस्करों के कब्जे से 8 नग गौवंशों को मुक्त कराते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में प्रयुक्त एक फरार पिकअप वाहन की तलाश भी जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 अक्टूबर की रात गश्त के दौरान चौकी कोतबा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में गौवंशों को भरकर लैलूंगा-तुमला रोड से झारखंड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर दोकड़ा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए ग्राम ऊपरघीचा में नाकाबंदी की।

कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वाहन दिखाई दिया, जिसकी ट्रॉली हरे प्लास्टिक से ढकी हुई थी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर तस्कर वाहन को तेज गति से भगाने लगे। पीछा करने पर बीच रास्ते में एक बोलेरो वाहन (CG13-UH-6089) पुलिस की गाड़ी और पिकअप के बीच आ गया, जिससे तस्करों को भागने का मौका मिल गया।

पुलिस ने बोलेरो को रोककर उसमें बैठे तीन संदिग्धों — जगदीश सिदार (35 वर्ष), सौरभ रवानी (30 वर्ष) और दिलीप सिदार (30 वर्ष) — को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि गौवंशों को जांजगीर से झारखंड पहुंचाने की योजना थी। बाद में पुलिस ने उनकी निशानदेही पर ग्राम कटंगखार के जंगल से 8 नग गौवंशों को सकुशल बरामद किया। वहीं, मौके से लोचन सिदार (36 वर्ष) नामक एक अन्य आरोपी भी पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर चारों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। साथ ही बोलेरो वाहन को जप्त कर लिया गया है।

पुलिस टीम में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अशोक यादव, प्रधान आरक्षक कृपा सिंधु तिग्गा, आरक्षक प्रकाश मिंज और सुरेंद्र यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि गौ तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस का “ऑपरेशन शंखनाद” लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में फरार तस्करों और पिकअप वाहन को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button