नक्सली हिड़मा और बारसे देवा की माताओं से मिलकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पुनर्वास हेतु की अपील

2 Min Read

नक्सल नेताओं की माताओं ने भी वीडियो जारी कर पुनर्वास करने कहा

हिड़मा और बारसे देवा के परिजनों से मिलकर पुनर्वास का किया जा रहा प्रयास

आज उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा अपने साथ शासन और प्रशासन का दल लेकर सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चिमलीपेंटा के आश्रित ग्राम पूर्वर्ती पहुंचे। इसी गाँव से छत्तीसगढ़ के दो सबसे बड़े नक्सली लीडर माड़वी हिड़मा और बारसे देवा निकले हैं, जहाँ आज भी उनके परिजन निवास करते हैं।

उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने हिड़मा की माता माड़वी पुंजी तथा बारसे देवा की माता बारसे सिंगे से मुलाकात की और पुनः सरकार की तरफ़ से कहा कि यदि वे पुनर्वास करते हैं तो सरकार उनका पूरा ध्यान रखेगी। नक्सल लीडर की माताओं ने भी वीडियो जारी कर अपने बेटों को पुनर्वास करने को कहा।

उपमुख्यमंत्री शर्मा ने नक्सल लीडर के परिवारों के साथ भोजन भी किया। उन्होंने सभी से संवाद करते हुए क्षेत्र में विकास की आवश्यकता पर चर्चा भी की। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा एवं पूरे शासन-प्रशासन द्वारा क्षेत्र की शांति के लिए हिड़मा और बारसे देवा के पुनर्वास के प्रयास किया जा रहा है।

इस अवसर पर बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, बस्तर आईजी सुंदरराज पी., कलेक्टर सुकमा देवेश ध्रुव, पुलिस अधीक्षक सुकमा किरण चौहान तथा पूर्वर्ती के ग्रामीण उपस्थित थे।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *