नारी एकता महासंघ ने समाज में महिलाओं की स्थिति को मजबूत करने और उनके अधिकारों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई: जोबा माझी

By
Advertisement
Advertisement

-बंदगांव के सुबानसाई में नारी एकता महिला महासंघ का वार्षिक अधिवेशन आयोजित, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई सिंहभूम की सांसद जोबा माझी

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर विधानसभा के बंदगांव प्रखंड के सुबानसाई स्थित शहीद मैदान में प्रदान संस्था के तत्वावधान में नारी एकता महिला महासंघ का वार्षिक अधिवेशन आयोजित हुआ। अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी शामिल हुई। सांसद ने महिला संघ की सदस्यों के साथ दीप जलाकर अधिवेशन का उद्धाटन किया। इस अवसर पर सांसद ने उपस्थित महिला समिति के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि नारी एकता महिला महासंघ ने समाज में महिलाओं की स्थिति को मजबूत करने और उनके अधिकारों की रक्षा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

आपके प्रयासों से महिलाओं को आत्मनिर्भर और आत्मविश्वास से भरपूर बनाने में मदद मिली है। उन्होंने कहा महिला जब जागरूक और शिक्षित होती है तो उसका लाभ पूरे समाज को मिलता है। उन्होंने एकता, एकजुटता और आपसी समन्वय से महासंघ को आगे ले जाने और समाज को नई दिशा देने की अपील की। सांसद ने कहा महिलाएं अगर रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती है तो आगे आए उसे पूरा सहयोग देंगे। अधिवेशन में महिलाओं के विकास और उत्थान के लिए नए विचारों और रणनीतियों पर चर्चा की गई।

सभी ने मिलकर महिलाओं के लिए एक बेहतर भविष्य बनाने का संकल्प लिया और महिला एकजुटता व सुरक्षा की शपथ ली। अधिवेशन के दौरान महिलाओं के अधिकारों पर चर्चा, शिक्षा और रोजगार के अवसरों पर जोर, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर ध्यान, महिलाओं के खिलाफ हिंसा को रोकने के लिए उपाय पर चर्चा की गई। अधिवेशन के दौरान विभिन्न महिला समिति की सदस्यों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

सांसद समेत अन्य अतिथियों ने अधिवेशन में लगाये गये स्टालों का निरीक्षण कर महासंघ के कार्याें की जानकारी ली। कार्यक्रम का संचालन किरण गागराई व सुभाषिनी देवी ने किया। मौके पर नकटी के मुखिया मिथुन गागराई, समाजसेवी कालीपद सोरेन, राजेश गागराई, अरूप चटर्जी, प्रदान संस्था के टीम कोआर्डिनेटर हसन अदीब खान, दिलीप कुमार, निशु मिश्रा, त्रिथी दास, मोहम्मद शहाबुद्दीन, मंजू देवी, मंजूलता राणा, गौरी देवी के अलावा विकास महिला मंडल बाउरीसाई, मोहिनी महिला मंडल सुबनासाई, मां तारिणी महिला मंडल, मां पाउड़ी महिला मंडल, दिशाउली महिला मंडल समेत अन्य की सदस्य उपस्थित रही।

Advertisement
Share This Article