जशपुर में बेटे ने की पिता की पत्थर से हत्या, आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read

घरेलू विवाद में वारदात, पुलिस ने किया खुलासा

जशपुर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम आगडीह में घरेलू विवाद ने एक दर्दनाक मोड़ ले लिया। यहां एक बेटे ने अपने ही पिता की पत्थर से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना का विवरण

मामला 17 सितंबर 2025 की रात का है। मृतक बंधु राम मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था। अक्सर उसके बेटे दीपक राम (25 वर्ष) के साथ पारिवारिक बातों को लेकर विवाद होता था। परिजनों के अनुसार, आरोपी दीपक आए दिन अपने पिता से झगड़ा और मारपीट करता था।

घटना वाली रात भी दोनों में बहस हुई। इसी दौरान आरोपी दीपक ने गुस्से में आकर फर्श पत्थर से अपने पिता के सिर, नाक और कनपटी पर वार कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने से बंधु राम की मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह परिजनों को शव गांव के ही एक घर के सामने पड़ा मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया और हत्या में प्रयुक्त पत्थर को जब्त किया।

पुलिस कार्रवाई

पुलिस पूछताछ में आरोपी दीपक ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसने बताया कि उसके पिता अक्सर उसे कामधाम नहीं करने और घर में पड़े रहने की बात कहकर डांटते थे। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद होता था और वारदात की रात भी इसी बात पर झगड़ा हुआ था।

पुलिस ने आरोपी दीपक राम को गिरफ्तार कर बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

अधिकारियों की भूमिका

इस मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष कुमार तिवारी के नेतृत्व में एएसआई विपिन किशोर केरकेट्टा, एएसआई मनोज भगत, आरक्षक विनोद तिर्की और नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख ने कार्रवाई में अहम भूमिका निभाई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि—
“कोतवाली क्षेत्र के ग्राम आगडीह में घरेलू विवाद के चलते बेटे ने पिता की पत्थर से हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।”

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *