होली पर चौक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, 400 पुलिस अधिकारी और जवान तैनात
रायगढ़, 3 मार्च। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए रायगढ़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले में पिछले 24 घंटे से पुलिस बल सक्रिय है और होलिका दहन शांतिपूर्ण रूप से संपन्न होने के बाद अब रंगोत्सव को लेकर सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस कार्यालय से सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की वर्चुअल बैठक लेकर ड्यूटी की विस्तृत समीक्षा की और स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कम्युनिकेशन सिस्टम मजबूत, देहात क्षेत्रों में त्वरित समन्वय के निर्देश
बैठक में ग्रामीण थाना क्षेत्रों के विस्तृत दायरे को ध्यान में रखते हुए संचार व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। पेट्रोलिंग क्षेत्रों का विभाजन कर समीपस्थ थानों को निरंतर संपर्क में रहने को कहा गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके।
शहर में 16 चेकिंग पॉइंट, दर्जनों फिक्स पिकेट और ब्रीथ एनालाइजर से होगी जांच
शहर की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और सीएसपी मयंक मिश्रा को सौंपी गई है। अगले 48 घंटे लगातार पेट्रोलिंग, सघन चेकिंग और बाइकर्स गैंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल और कोतरारोड़ क्षेत्रों में बनाए गए 16 चेकिंग पॉइंट्स पर यातायात टीम ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच करेगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों और तेज रफ्तार चालकों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पांच ड्रोन, 27 पेट्रोलिंग यूनिट और कंट्रोल रूम से रियल टाइम मॉनिटरिंग
एसएसपी के निर्देश पर कोतवाली, चक्रधरनगर, जूटमिल, कोतरारोड़ और खरसिया क्षेत्र में पांच ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी। शहर में 27 पेट्रोलिंग यूनिट्स की लाइव लोकेशन के साथ विशेष व्हाट्सएप ग्रुप सक्रिय किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के लिए पुलिस कंट्रोल रूम में विशेष मॉनिटरिंग कक्ष बनाया गया है, जहां एक्सपर्ट टीम रियल टाइम मॉनिटरिंग कर त्वरित प्रतिक्रिया देगी।
सादी वर्दी में महिला और पुरुष जवान तैनात, छेड़खानी पर होगी तत्काल कार्रवाई
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट पर नजर रख रही है। साइबर थाना और महिला थाना की टीमें सादी वर्दी में असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगी। छेड़छाड़ या हुड़दंग की किसी भी घटना पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नदी, डेम, पार्क और वाटर एरिया पर विशेष निगरानी, होली के दिन प्रतिबंध
होली के दौरान नदी, डेम और वाटर एरिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशिक्षित होमगार्ड गोताखोरों की तैनाती की जाएगी और फायर ब्रिगेड को भी अलर्ट रखा गया है। होली के दिन गार्डन बंद रहेंगे और शहर सहित आउटर क्षेत्रों में लगातार पेट्रोलिंग जारी रहेगी।
बदमाशों के लिए एसएसपी का सख्त संदेश, कानून तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि होली के दौरान गुंडागर्दी, हुड़दंग, छेड़छाड़, शराब पीकर वाहन चलाना या शांति भंग करने की कोशिश बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि त्योहार की आड़ में कानून तोड़ने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से शालीनता पूर्वक होली मनाने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की।


