त्योहार से लौट रहे परिवार के सामने गणेश अस्पताल के पास हुई मारपीट, सरकंडा पुलिस ने की कार्रवाई
बिलासपुर। त्योहार देखकर पत्नी और बच्चों के साथ घर लौट रहे एक युवक के साथ उधारी की रकम को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। गणेश अस्पताल के पास आरोपियों ने युवक के साथ बेल्ट, डंडे और लात-घूंसों से मारपीट कर उसे घायल कर दिया। मामले में सरकंडा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।
उधारी की रकम को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार इमलीभाठा (जोगी आवास) निवासी शनि कुमार बंजारे 26 अगस्त को अपने परिवार के साथ गोल बाजार से त्योहार देखकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान विनीत श्रीवास ने घरेलू काम के नाम पर ली गई उधारी की रकम वापस करने के लिए शनि को गणेश अस्पताल के पास बुलाया, जहां वह गार्ड की नौकरी करता है।
मौके पर पैसों के हिसाब-किताब को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विनीत श्रीवास ने अपने साथी किशन ध्रुव के साथ मिलकर शनि के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और बेल्ट व डंडों से मारपीट की।
पत्नी और बच्चों के सामने हुई मारपीट
पीड़ित के अनुसार, दोनों आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों और डंडे से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ा
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विनीत कुमार श्रीवास और किशन ध्रुव को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में विनीत कुमार श्रीवास (26), निवासी डबरीपारा, उस्लापुर और किशन ध्रुव (29), निवासी डबरीपारा, उस्लापुर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 1210/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर बिलासपुर छत्तीसगढ़


