बिलासपुर। एसईसीएल मुख्यालय में आज 5 जून 2026 को विश्व पर्यावरण दिवस उत्साह, गरिमामय वातावरण और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण, पर्यावरण पत्रिका का विमोचन तथा जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
पर्यावरण ध्वज फहराकर कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) श्री हरीश दुहन द्वारा पर्यावरण ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार, निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री रमेश चन्द्र महापात्र, श्रद्धा महिला मंडल अध्यक्षा श्रीमती शशि दुहन सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हुआ पौधारोपण
कार्यक्रम के प्रारंभिक सत्र में नेहरू शताब्दी नगर कॉलोनी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत फलदार एवं औषधीय पौधों का पौधारोपण किया गया। CMD सहित सभी निदेशकों, सीवीओ, महिला मंडल सदस्यों और विभागाध्यक्षों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

“पर्यावरण दर्पण” पत्रिका का हुआ विमोचन
इस अवसर पर एसईसीएल की वार्षिक पर्यावरण पत्रिका “पर्यावरण दर्पण” का विमोचन मंचासीन अतिथियों द्वारा किया गया। साथ ही एसईसीएल की पर्यावरणीय पहल, हरित परियोजनाओं और सतत खनन प्रथाओं पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा।

अधिकारियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अपने संबोधन में CMD श्री हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से पर्यावरण को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। वहीं निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) श्री रमेश चन्द्र महापात्र ने कहा कि सतत विकास तभी संभव है जब उद्योग और पर्यावरण संरक्षण दोनों को समान महत्व दिया जाए।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक ने दिया संदेश
कार्यक्रम में डीएवी विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण पर आधारित स्वागत गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। कुसमुंडा एवं हसदेव क्षेत्र की टीमों द्वारा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया गया।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम के दौरान निबंध, चित्रकला, तत्क्षण भाषण प्रतियोगिता और कवि सम्मेलन के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को मंचासीन अतिथियों द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए। इस पहल से कर्मचारियों और विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल रहा।
पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन
महाप्रबंधक (पर्यावरण) श्री बी. राणा प्रताप ने स्वागत भाषण में एसईसीएल की पर्यावरणीय गतिविधियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन श्री शेख जाकिर हुसैन तथा आभार प्रदर्शन डॉ. एम.एस. प्रियंका द्वारा किया गया।




