बिलासपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। 15 मई से 5 जून तक चलाए गए “विश्व पर्यावरण दिवस अभियान-2026” के समापन अवसर पर रेलवे के विभिन्न परिसरों, स्टेशनों और कॉलोनियों में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने किया ‘रेल संस्कृति निकेतन’ का उद्घाटन
अभियान के तहत आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने लोको कॉलोनी स्थित नवनिर्मित सामुदायिक भवन “रेल संस्कृति निकेतन” का उद्घाटन कर किया। उद्घाटन के बाद उन्होंने परिसर में पौधारोपण कर वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की और भवन को रेल परिवार को समर्पित किया।

मधुवन उद्यान में लगाए गए 500 फलदार और छायादार पौधे
वृक्षारोपण अभियान का दूसरा प्रमुख आयोजन बिलासपुर स्थित नवीन अधिकारी विश्राम गृह के समीप विकसित “मधुवन उद्यान” में किया गया। यहां महाप्रबंधक सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने मिलकर लगभग 500 फलदार एवं छायादार पौधे लगाए। कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड, नागरिक सुरक्षा संगठन, सेंट जॉन एम्बुलेंस, स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

पर्यावरण संरक्षण की शपथ, प्रदर्शनी और जागरूकता गतिविधियां
विश्व पर्यावरण दिवस पर महाप्रबंधक कार्यालय में महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। इस दौरान स्कूली बच्चों और रेलकर्मियों द्वारा बनाई गई पर्यावरण विषयक चित्रकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका अवलोकन कर प्रतिभागियों की सराहना की गई।

रेलवे परिसरों में 20 हजार से अधिक पौधों का रोपण
अभियान के तहत बिलासपुर, रायपुर और नागपुर रेल मंडलों के कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों और प्रमुख स्टेशनों में 20 हजार से अधिक पौधों का रोपण किया गया। रेलवे प्रशासन ने इसे हरित और पर्यावरण अनुकूल रेलवे परिसर विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सिंगल यूज प्लास्टिक पर नियंत्रण और स्वच्छता अभियान पर जोर
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों पर स्थापित प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों की समीक्षा की गई तथा केटरिंग स्टॉलों का निरीक्षण कर सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया गया। यात्रियों को वाटर रीफिल पॉइंट्स के उपयोग और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से गीला और सूखा कचरा पृथक्करण, कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया।

पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी की अपील
महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रकृति संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण, जल बचत, प्लास्टिक के उपयोग में कमी और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने जैसी आदतों को अपनाने का आह्वान किया।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने स्पष्ट किया कि पर्यावरणीय स्थिरता, हरित विकास और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की पहलें लगातार जारी रहेंगी।




