
चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कार्मिक विभाग के तत्वावधान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। स्थानीय महात्मा गांधी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संघ (सर्वो) चक्रधरपुर की अध्यक्षा डॉ. निक्की हुरिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

अपने संबोधन में डॉ. हुरिया ने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं बल्कि महिलाओं के संघर्ष, मेहनत, उपलब्धियों और समाज निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने भारतीय संस्कृति का उल्लेख करते हुए कहा —
“यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता”, अर्थात जहां महिलाओं का सम्मान होता है, वहीं समृद्धि, खुशहाली और प्रगति का वास होता है।

उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं शिक्षा, विज्ञान, प्रशासन, खेल और रेलवे जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। भारतीय रेल को देश की जीवनरेखा बताते हुए उन्होंने कहा कि इस विशाल व्यवस्था में महिलाएं भी पूरी निष्ठा, आत्मविश्वास और दक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं।
डॉ. हुरिया ने कहा कि महिलाओं की सबसे बड़ी शक्ति उनका धैर्य, संवेदनशीलता, परिश्रम और सकारात्मक दृष्टिकोण है, जो उन्हें हर परिस्थिति में आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जब एक महिला आगे बढ़ती है तो वह अकेली नहीं बढ़ती, बल्कि पूरे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को आगे ले जाती है।

उन्होंने बताया कि महिला कर्मचारियों की सुविधा के लिए क्रेच की शुरुआत करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे कामकाजी माताएं अपने बच्चों की चिंता किए बिना अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। उन्होंने कहा कि यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
कार्यक्रम में महिला कर्मियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। एस एंड टी विभाग की शायनी चक्रवर्ती ने मनमोहक कत्थक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा विभिन्न विभागों की महिला कर्मियों ने सोलो डांस, ‘सपने रे’ गीत, बॉलीवुड मेशअप संगीत सहित कई आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

क्विज प्रतियोगिता में उत्साह
समारोह के दौरान आयोजित क्विज प्रतियोगिता में महिला कर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सफल प्रतिभागियों को सर्वो की अध्यक्षा डॉ. निक्की हुरिया ने पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी भानूमति और महिला कर्मी राखी ने किया। इस अवसर पर सर्वो की उपाध्यक्ष भारती मीणा, सीएमएस लोपमुद्रा मिश्र, विभिन्न विभागों के अधिकारियों की धर्मपत्नी तथा बड़ी संख्या में महिला रेलकर्मी उपस्थित रहीं।


