कापू में पत्नी की हत्या का मामला, 24 घंटे के भीतर आरोपी पति गिरफ्तार, पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 29 जून 2026। शशिमोहन सिंह के निर्देशन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में महिला संबंधी गंभीर अपराध पर त्वरित कार्रवाई करते हुए कापू पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोपी पति को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह मामला ग्राम पारेमेर का है, जहां 28 जून 2026 की सुबह एक महिला की हत्या की सूचना मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

घर में मिला महिला का शव, पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही थाना कापू प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घर के भीतर 43 वर्षीय जीतो बाई मंझवार का शव बरामद किया गया। पुलिस ने तत्काल मर्ग पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

प्रारंभिक जांच और साक्ष्यों के आधार पर मृतका के पति रामनाथ मंझवार पर हत्या का संदेह सामने आया, जिसके बाद थाना कापू में अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घेराबंदी कर आरोपी पति गिरफ्तार

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गांव से फरार होने की कोशिश कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी रामनाथ मंझवार (50 वर्ष), निवासी पारेमेर को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि घरेलू विवाद के बाद उसने पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया, जिससे पत्नी की मौत हो गई।

घटना में प्रयुक्त सामान जब्त

पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और घटना के समय पहने कपड़े जब्त कर लिए हैं। पूरी कार्रवाई ई-साक्ष्य और वीडियोग्राफी के माध्यम से दस्तावेजित की गई।

इसके बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी, आरक्षक जागेश्वर मरावी और महिला आरक्षक संगीता राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि क्षणिक आवेश में लिया गया निर्णय पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। उन्होंने अपील की कि विवाद की स्थिति में संवाद और संयम अपनाएं, क्योंकि कानून हाथ में लेने का परिणाम हमेशा जेल ही होता है।

Advertisement
Share This Article