अंबिकापुर। लंबे समय से बदहाल NH-43 की स्थिति का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय का वाहन सीतापुर में सड़क के गहरे गड्ढे में फंस गया। बताया जा रहा है कि वाहन को निकालने में करीब दो घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। घटना के बाद पवन साय ने सड़क की स्थिति को लेकर संबंधित मंत्रियों और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से नाराजगी जताई।
सीतापुर में करीब दो घंटे फंसा वाहन
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर और कोरिया में बैठकों के बाद जशपुर से अंबिकापुर लौटते समय बुधवार रात करीब 7 बजे सीतापुर क्षेत्र में पवन साय का इनोवा वाहन सड़क के गड्ढे में फंस गया। वाहन निकालने के लिए मैकेनिक को बुलाना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद वाहन बाहर निकाला जा सका। इसके चलते पवन साय को सीतापुर रेस्ट हाउस में रुकना पड़ा।
सड़क की हालत पर जताई नाराजगी
घटना के बाद संगठन महामंत्री ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से सड़क की बदहाली को लेकर नाराजगी जताई। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी से फोन पर सड़क की स्थिति को लेकर सवाल किए। अगले दिन उनसे मिलने पहुंचे पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसौदिया के सामने भी उन्होंने सड़क की स्थिति को लेकर नाराजगी व्यक्त की।
कई हिस्सों में सड़क गड्ढों में तब्दील
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार NH-43 के खरसिया नाका से दरिमा मोड़, पीजी कॉलेज से सिलफिली और भारत माता चौक तक कई हिस्सों में सड़क की हालत बेहद खराब है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फटकार के बाद शुरू हुआ मरम्मत कार्य
बताया जा रहा है कि घटना और अधिकारियों को दिए गए निर्देशों के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े अमले ने सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों में मरम्मत का काम शुरू किया। दरिमा मोड़, भारत माता चौक और सीतापुर क्षेत्र के गड्ढों में बोल्डर और गिट्टी डालकर सड़क को दुरुस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
लंबे समय से सड़क की बदहाली से परेशान स्थानीय लोगों को अब उम्मीद है कि अस्थायी मरम्मत के बजाय NH-43 का स्थायी और गुणवत्तापूर्ण सुधार किया जाएगा।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, छत्तीसगढ़




