बारातियों की खुशी मातम में बदली, वाहन दुर्घटना का शिकार, दो की मौत चार गंभीर

By
Advertisement
Advertisement

एमसीबी : मनेन्द्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर जिले से हृदय विदारक घटना सामने आई है. बैकुंठपुर सिटी कोतवाली क्षेत्र में बारात से वापस लौट रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में बैकुंठपुर से चिरमिरी की ओर लौट रहे छह युवकों में से दो युवकों की मौत हो गई.

कैसे हुआ हादसा ?

आपको बता दें कि वाहन में कुल 6 युवक सवार थे.सभी चिरमिरी के डोमन हिल क्षेत्र के निवासी हैं. हादसा इतना भीषण था कि दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. मृतकों की पहचान 22 वर्षीय आर्यन सोनवानी और 23 वर्षीय कुलदीप सिंह के रूप में हुई है. दोनों के असमय निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है.

घायलों का इलाज अस्पताल में जारी

वहीं, हादसे में घायल चारों युवकों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है. यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों की ओर इशारा करता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.

Advertisement
Share This Article