छत्तीसगढ़ में मौसम सामान्य, अगले दिनों में हल्की बारिश और तापमान में गिरावट के आसार

Advertisement

रायपुर। छत्तीसगढ़ में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है, हालांकि कुछ इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन दिनों तक तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

शनिवार को रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पेण्ड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं हसौद, भटगांव और देवभोग क्षेत्रों में लगभग 1-1 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।

द्रोणीका का असर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, गंगा तटीय पश्चिम बंगाल से लेकर ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक होते हुए दक्षिण तमिलनाडु तक एक द्रोणीका (ट्रफ लाइन) सक्रिय है, जिसका असर प्रदेश के मौसम पर देखा जा रहा है।

रविवार के लिए अलर्ट
रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही गरज-चमक, वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है।

आगे कैसा रहेगा मौसम
आने वाले दिनों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Share This Article