बिलासपुर, 25 अगस्त 2026। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (रा.से.यो.) प्रकोष्ठ द्वारा ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ कार्यक्रम का आयोजन 27 अगस्त 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की खेलों में भागीदारी बढ़ाने, खेल विकास को प्रोत्साहित करने और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को मजबूत करना है।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू होंगे मुख्य अतिथि
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. एल. पी. पटेरिया एवं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में 27 अगस्त को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि तथा बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
युवाओं, खिलाड़ियों और जनप्रतिनिधियों के बीच संवाद
‘विकसित भारत युवा कनेक्ट–स्पोर्ट्स एडिशन’ का उद्देश्य युवाओं, खिलाड़ियों और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न पक्षों को एक साझा मंच पर लाना है। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को खिलाड़ियों, सांसदों, विधायकों, मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। आयोजन के तहत देशभर के 1,600 से अधिक स्थानों पर मौजूद 8 लाख से अधिक युवा प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे। इस दौरान युवाओं को पिछले वर्षों में भारतीय खेलों में हुए बदलाव, खेल अधोसंरचना के विकास और देश में तैयार हो रहे खेल पारिस्थितिकी तंत्र की जानकारी दी जाएगी।
MY Bharat Volunteers और खिलाड़ियों के बीच होगा युवा संवाद
विश्वविद्यालय में MY Bharat Volunteers और स्थानीय खिलाड़ियों के बीच विशेष युवा संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें खेलों के विकास, खेल अधोसंरचना, प्रतिभा संवर्धन और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका से जुड़े विषयों पर विचार और सुझाव साझा किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद करीब 15 मिनट का युवा संवाद आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभागी भारतीय खेलों के भविष्य और विकसित भारत के निर्माण को लेकर अपने विचार रखेंगे।
खेलों से अनुशासन और नेतृत्व की भावना होती है मजबूत
कुलपति प्रो. डॉ. एल. पी. पटेरिया ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी मजबूत करते हैं। वहीं कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा ने कहा कि आयोजन के माध्यम से विश्वविद्यालय के युवाओं को देश के खेल विकास और विकसित भारत के संकल्प से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा।
MY Bharat बिलासपुर के संयुक्त निदेशक नीतिन शर्मा ने भी युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय से जुड़े युवा, रा.से.यो. स्वयंसेवक, MY Bharat Volunteers, खिलाड़ी एवं अन्य युवा प्रतिभागी उत्साहपूर्वक शामिल होंगे।
रिपोर्टर — अभिषेक कुमार पाण्डेय, बिलासपुर, छत्तीसगढ़


