डुप्लीकेट चाबी बनाकर खरसिया से चुराई गई वेन्यू कार दिल्ली से बरामद, कार मैकेनिक गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 14 मई। खरसिया शहर से चोरी हुई वेन्यू कार को बरामद करने में चौकी खरसिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए चोरी की गई कार को दिल्ली से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशे से कार मैकेनिक निकला, जिसने पहले से सुनियोजित तरीके से वाहन की डुप्लीकेट चाबी तैयार कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी के बाद वाहन की नंबर प्लेट बदलकर उसका उपयोग किया जा रहा था और आगे डेंटिंग-पेंटिंग कर उसे बेचने की तैयारी थी।

तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले में 06 मई 2026 को प्रार्थी संदीप कुमार ने चौकी खरसिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी उपयोग में लाई जा रही वेन्यू कार क्रमांक CG 04 MT 7666 घर के सामने से चोरी हो गई है। रिपोर्ट के आधार पर थाना खरसिया में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 218/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिसमें वाहन को एक होटल तक जाते देखा गया। होटल स्टाफ से पूछताछ में उस व्यक्ति की जानकारी मिली जो वाहन लेकर आया था। होटल में जमा पहचान दस्तावेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस मोहम्मद आमिर तक पहुंची, जिसका मोबाइल उपयोग दिल्ली क्षेत्र में पाया गया।

नवंबर 2025 में मरम्मत के दौरान बनाई थी डुप्लीकेट चाबी, सुनियोजित तरीके से की चोरी

जांच के दौरान वाहन स्वामी विजय, जो प्रार्थी संदीप कुमार का जीजा है, ने बताया कि नवंबर 2025 में उसकी वेन्यू कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसके बाद वाहन की मरम्मत दिल्ली के एक मैकेनिक से कराई गई थी। इसी जानकारी के आधार पर प्रधान आरक्षक शिव कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल दिल्ली रवाना हुई।

लगातार तीन दिन तक पतासाजी के बाद आरोपी मोहम्मद आमिर को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहले ही वाहन की डुप्लीकेट चाबी तैयार कर रखी थी। वाहन के जीपीएस सिस्टम की जानकारी होने के कारण उसने योजनाबद्ध तरीके से खरसिया पहुंचकर कार चोरी की। आरोपी ने कार का मूल नंबर बदलकर दिल्ली की नंबर प्लेट लगाकर उपयोग करना भी स्वीकार किया।

दिल्ली के एमसीडी पार्किंग क्षेत्र से बरामद हुई चोरी की वेन्यू कार

आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली के एमसीडी पार्किंग क्षेत्र से चोरी गई वेन्यू कार बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वाहन को डेंट-पेंट कर दूसरे राज्य में बेचने की योजना थी।

गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद आमिर, पिता मुस्ताक हुसैन, उम्र 39 वर्ष, निवासी शाहदरा दिल्ली/हाल मुकाम लोनी गाजियाबाद से करीब 6 लाख रुपये मूल्य की वेन्यू कार बरामद कर विधिवत जब्त की गई। मामले में साक्ष्यों के आधार पर धोखाधड़ी की धारा 318 बीएनएस भी जोड़ी गई है। आरोपी को ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर खरसिया लाया गया, जहां न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने दिया सख्त संदेश, संपत्ति संबंधी अपराधियों पर लगातार कार्रवाई जारी

पूरे मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात कुमार पटेल के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। माल-मुल्जिम पतासाजी और आरोपी गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शिव कुमार वर्मा, आरक्षक कीर्ति सिदार, आरक्षक केशव चौहान तथा थाना साइबर के आरक्षक धनंजय कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि, “अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, रायगढ़ पुलिस तकनीकी जांच, मुखबिर तंत्र और प्रोफेशनल पुलिसिंग के जरिए उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचाएगी। जिले में संपत्ति संबंधी अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

Advertisement
Share This Article