Advertisement
आज का ई-पेपर 📄
सोरडा ग्राम पंचायत अंतर्गत नवाटोली में बने एक नए कुएं में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने सबसे पहले कुएं में शव को देखा और तुरंत इसकी सूचना पंचायत प्रतिनिधियों एवं पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। आसपास के गांवों में गुमशुदगी की जानकारी भी जुटाई जा रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। मामले की जांच जारी है।


