बिलासपुर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोस के तहत बिलासपुर मंडल में बड़ी कार्रवाई की गई है। RPF टास्क टीम ने निगौरा रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में भेष बदलकर गांजे की तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 15.540 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.77 लाख रुपये बताई गई है।
संदिग्ध गतिविधियों पर RPF ने रोका
24 अगस्त 2026 की रात करीब 1:15 बजे सहायक उप निरीक्षक अमरेंद्र सिंह के नेतृत्व में RPF टास्क टीम निगौरा स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में संदिग्ध व्यक्तियों और सामान की जांच कर रही थी। इसी दौरान भेष बदले हुए दो व्यक्तियों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आने पर उन्हें रोककर पूछताछ की गई।
तलाशी लेने पर उनके पास रखी कपड़ों की पोटलियों से गांजा बरामद हुआ।
दोनों आरोपियों के पास से मिला गांजा
पकड़े गए आरोपियों की पहचान हंसा नाथ (40 वर्ष) और मनता नाथ उर्फ लंबू (39 वर्ष), दोनों निवासी जिला संगरूर, पंजाब के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान हंसा नाथ के कब्जे से 7.280 किलोग्राम और मनता नाथ के कब्जे से 8.260 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
जैतहरी पुलिस को सौंपे गए आरोपी
RPF ने दोनों आरोपियों को बरामद गांजे सहित पुलिस थाना जैतहरी के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 285/2026 के तहत धारा 8/20(ख) NDPS Act में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
2026 में 550 किलो से अधिक गांजा जब्त
बिलासपुर मंडल RPF द्वारा वर्ष 2026 में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक विभिन्न कार्रवाइयों में करीब 550 किलोग्राम गांजा जब्त किया जा चुका है, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।
अभिषेक कुमार पाण्डेय
संवाददाता, बिलासपुर छत्तीसगढ़


