बिलासपुर रेल मंडल के 25 कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर | बिलासपुर, छत्तीसगढ़

बिलासपुर, 31 अगस्त 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल में अगस्त माह के दौरान अपनी लंबी रेल सेवा पूरी कर सेवानिवृत्त हो रहे 25 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। इनमें वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (गुड्स) सहित विभिन्न विभागों से जुड़े रेलकर्मी शामिल रहे।

सम्मान समारोह में प्रदान किए गए सेवा संबंधी दस्तावेज

मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित सीबीटी कक्ष में आयोजित समारोह के दौरान सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों का सम्मान किया गया। मंडल कार्मिक अधिकारी यू.एस.एस. राव ने उन्हें बंदोबस्त भुगतान से जुड़े आवश्यक दस्तावेज, सेवा प्रशस्ति प्रमाण-पत्र और सेवा मैडल प्रदान किए।

मेडिकल सुविधा और नियमों की दी जानकारी

समारोह के दौरान मुख्य कार्यालय अधीक्षक (आईटी) सेवक रजक ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उम्मीद कार्ड (मेडिकल) से संबंधित जानकारी दी। साथ ही सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली सुविधाओं और बंदोबस्त प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों के बारे में भी उन्हें अवगत कराया गया।

सात विभागों से सेवानिवृत्त हुए रेलकर्मी

अगस्त 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले 25 रेल परिवार के सदस्यों में सबसे अधिक 8 कर्मचारी परिचालन विभाग से हैं। इसके अलावा इंजीनियरिंग और विद्युत विभाग से 4-4, यांत्रिक विभाग से 2, मेडिकल विभाग से 1, सिग्नल एवं दूरसंचार विभाग से 4 तथा वाणिज्य विभाग से 2 कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए।

परिजनों और रेल अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं

विदाई समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजनों के साथ कल्याण निरीक्षक तथा कार्मिक निपटारा शाखा के कर्मचारी भी मौजूद रहे। मंडल कार्मिक अधिकारी ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, बेहतर स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।

Advertisement
Share This Article