बिलासपुर में आधी रात पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन, हथियारों के साथ 6 बदमाश गिरफ्तार; फरार आरोपी भी पकड़ा गया

Advertisement
Advertisement

अभिषेक कुमार पाण्डेय, रिपोर्टर | बिलासपुर, छत्तीसगढ़

बिलासपुर, 31 अगस्त 2026। शहर में बढ़ती चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सिरगिट्टी पुलिस ने देर रात व्यापक सर्च अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में संदिग्ध लोगों की जांच की। कार्रवाई में छह युवकों को धारदार हथियारों के साथ पकड़ा गया, जबकि एक पुराने गंभीर मारपीट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया।

संवेदनशील इलाकों में देर रात घेराबंदी

पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में टीम ने सिरगिट्टी क्षेत्र के गणेश नगर, नयापारा, चुचुहियापारा और तिफरा सहित संवेदनशील इलाकों में अचानक सर्चिंग शुरू की। पुलिस ने सड़क पर मौजूद संदिग्धों और निगरानीशुदा बदमाशों की जांच की। अभियान के दौरान करीब 40 से 50 लोगों की तलाशी लेकर उनकी गतिविधियों की पड़ताल की गई।

तलवार और पांच चाकू बरामद

जांच के दौरान पुलिस टीम ने छह युवकों के कब्जे से एक धारदार तलवार और पांच चाकू बरामद किए। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की।

हथियारों के साथ पकड़े गए आरोपियों में विकास सिंह (32), प्रमोद कुर्मी (26), अनिकेत नेताम (24), लक्की नेताम (22), राम नायक (18) और रोहित तांडी (34) शामिल हैं। सभी आरोपी सिरगिट्टी और आसपास के अलग-अलग इलाकों के निवासी बताए गए हैं।

पुराने मामले का फरार आरोपी भी गिरफ्तार

सर्च अभियान के दौरान पुलिस को एक अन्य सफलता भी मिली। टीम ने मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे रोहित धुरी (36), निवासी बन्नाकडीह को भी गिरफ्तार कर लिया।

सातों आरोपियों को भेजा गया जेल

पुलिस ने हथियार रखने के आरोप में पकड़े गए छह आरोपियों और फरार चल रहे आरोपी समेत कुल सात लोगों को न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों और अवैध रूप से हथियार लेकर घूमने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी और अचानक जांच के जरिए आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने का प्रयास किया जा रहा है।

Advertisement
Share This Article