SECR में टिकट जांच अभियान तेज, 20 दिनों में 43,710 मामलों पर कार्रवाई

अभिषेक कुमार पाण्डेय

रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़

बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडल में कार्रवाई, रेलवे ने वसूले 3.13 करोड़ रुपये से अधिक

बिलासपुर, 23 सितंबर 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने बिना टिकट, अनियमित टिकट और बिना उचित यात्रा प्राधिकार के सफर करने वाले यात्रियों के खिलाफ टिकट जांच अभियान तेज कर दिया है। इसके साथ ही निर्धारित नियमों के विपरीत सामान या लगेज ले जाने वाले यात्रियों की भी जांच की जा रही है।

रेलवे के बिलासपुर, रायपुर और नागपुर मंडलों में चलाए गए विशेष एवं नियमित जांच अभियानों के दौरान 1 सितंबर से 20 सितंबर 2026 तक कुल 43,710 मामलों में कार्रवाई की गई। इन मामलों से रेलवे ने 3 करोड़ 13 लाख 15 हजार 499 रुपये की आय अर्जित की।

बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर कार्रवाई

रेलवे के अनुसार जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वालों के साथ अनियमित टिकट अथवा बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों पर नियमानुसार कार्रवाई की गई।

टिकट जांच दलों द्वारा प्रमुख रेलवे स्टेशनों के अलावा विभिन्न ट्रेनों में भी नियमित रूप से जांच की जा रही है। अभियान का उद्देश्य यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक करना और रेलवे के राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने की अपील

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले उचित एवं वैध टिकट जरूर प्राप्त करें। यात्रा के दौरान टिकट अथवा यात्रा प्राधिकार को सुरक्षित रखना भी जरूरी है।

रेलवे के नियमों के अनुसार बिना टिकट या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते पाए जाने पर यात्रियों से अतिरिक्त किराया और निर्धारित दंड की वसूली की जा सकती है।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

रेलवे प्रशासन के मुताबिक यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ रेल राजस्व की सुरक्षा और नियमों के अनुरूप यात्रा सुनिश्चित करने के लिए टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से सहयोग करते हुए वैध टिकट के साथ ही यात्रा करने की अपील की है।

Share This Article