500 से अधिक CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस, ओडिशा में 10 दिन चला सर्च ऑपरेशन
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर थाना क्षेत्र में ज्वेलर्स व्यवसायी से करीब एक करोड़ रुपये के सोने-चांदी के आभूषण से भरा बैग उठाकर फरार होने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में करीब 46 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान ओडिशा निवासी चांटी दास और नागेश्वर राव के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।

स्कूटी से बैग लेकर भागे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई 2026 को अरूणदेव सोनी ने थाना सीतापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल सीतापुर के पास उनकी कांशी विश्वनाथ ज्वेलर्स नाम से दुकान है। 26 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे वह स्कूटी में ज्वेलरी का बैग लेकर दुकान खोलने पहुंचे थे।
दुकान के पास स्कूटी में ज्वेलरी का बैग रखकर वह शटर खोल रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा बैग उठाकर फरार हो गया। बैग में करीब एक करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बताए गए थे। शिकायत पर सीतापुर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 296/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
500 CCTV फुटेज खंगालकर तैयार किया रूट
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी के नेतृत्व में साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार संदिग्ध व्यवसायी का बैग लेकर भागते दिखाई दिए। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपियों के रूट को फॉलो किया।
जांच के दौरान सरगुजा के ग्राम गेरसा, जशपुर जिले के कांसाबेल, कुनकुरी, सिंगीबहार, झारखंड के कुरडेग, खैरनटोली, सिमडेगा तथा ओडिशा के सुंदरगढ़ सहित अन्य संभावित स्थानों के करीब 500 CCTV फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। इसके साथ तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की पुलिस से समन्वय कर संदिग्धों की पहचान की गई।
ओडिशा के दो संदिग्धों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार CCTV फुटेज और संदिग्धों के हुलिए के आधार पर आरोपियों की पहचान चांटी दास निवासी ग्राम सोर्डा, जिला गंजाम, ओडिशा तथा नागेश्वर राव निवासी नारायणपुर, थाना कोटिनाडा, जिला गंजाम, ओडिशा के रूप में की गई।
जानकारी मिलने के बाद पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, डीआईजी/एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल, एएसपी रितेश चौधरी एवं नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल के मार्गदर्शन में संयुक्त पुलिस टीम को आरोपियों की तलाश के लिए ओडिशा भेजा गया।
ओडिशा में 10 दिन चला सर्च ऑपरेशन
साइबर सेल अंबिकापुर और थाना सीतापुर की टीम ने ओडिशा पुलिस के सहयोग से आरोपियों के संभावित ठिकानों पर करीब 10 दिनों तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी दौरान स्थानीय पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध चांटी दास 16 अगस्त की रात अपने घर आया था।
सूचना के आधार पर संयुक्त पुलिस टीम ग्राम सोर्डा स्थित उसके घर पहुंची। घर पर ताला लगा हुआ था और संदिग्ध वहां नहीं मिला। पुलिस ने नियमानुसार गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली।
46 लाख के सोने-चांदी के आभूषण बरामद
तलाशी के दौरान पुलिस ने घर से सीतापुर में हुई उठाईगिरी के चोरी के जेवरात बरामद किए। इनमें करीब 300.92 ग्राम सोने के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 43 लाख रुपये, तथा करीब 1 किलो 168 ग्राम चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई गई है। बरामद आभूषणों की कुल कीमत करीब 46 लाख रुपये है।
पुलिस ने बरामद आभूषणों को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त कर लिया है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार प्रकरण में आरोपी चांटी दास और नागेश्वर राव सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
मामले के खुलासे में साइबर सेल अंबिकापुर के प्रभारी सउनि अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, विकास सिन्हा, आरक्षक अशोक यादव, अनुज जायसवाल, मनीष सिंह, अमन पुरी और राहुल केरकेट्टा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
थाना सीतापुर से थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अखिलेश सिंह, उपनिरीक्षक रघुनाथ भगत, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल कुमार, प्रधान आरक्षक तीजराम पैंकरा, आरक्षक राकेश यादव एवं महेंद्र नाग सहित थाना मणीपुर से आरक्षक उमाशंकर साहू, कुशकुमार सोनी आदि ने भी कार्रवाई में योगदान दिया।
ओडिशा पुलिस की ओर से एसडीओपी आश्का सौरव रंजन प्रधान, थाना प्रभारी/निरीक्षक सुधीर कुमार, निरीक्षक दीप्ती रंजन बेहरा, प्रधान आरक्षक पंचानन तथा आरक्षक मनोज कुमार, बरुण कुमार, हेमंत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों का सहयोग सराहनीय रहा।




