मोर गांव-मोर पानी अभियान से बदल रही तस्वीर: रजखेता में नवा तरिया निर्माण से 80 से अधिक श्रमिकों को मिला रोजगार

Advertisement

बलरामपुर, 22 मई 2026  

जल संरक्षण के साथ ग्रामीणों को स्थानीय रोजगार देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित मोर गांव-मोर पानी अभियान के तहत जिले में जल संरक्षण और संवर्धन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बलरामपुर जिले के जनपद पंचायत वाड्रफनगर अंतर्गत ग्राम पंचायत रजखेता में नवीन तालाब (नवा तरिया) निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

कलेक्टर चन्दन संजय त्रिपाठी के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में यह कार्य मनरेगा योजना के तहत कराया जा रहा है।

19.48 लाख की लागत से तैयार हो रहा नवा तरिया

ग्राम पंचायत रजखेता में 19.48 लाख रुपये की लागत से नवीन तालाब निर्माण कार्य जारी है। यह परियोजना क्षेत्र में जल संरक्षण और जल संवर्धन के लिए एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

निर्माण कार्य के माध्यम से न केवल वर्षा जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में जल उपलब्धता को मजबूत करने में भी सहायता मिलेगी।

80 से अधिक श्रमिकों को मिला रोजगार, ग्रामीणों में दिख रहा उत्साह

नवा तरिया निर्माण कार्य के जरिए स्थानीय स्तर पर 80 से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। इससे ग्रामीण परिवारों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ मनरेगा योजना के उद्देश्य को भी मजबूती मिल रही है।

ग्रामीणों में इस कार्य को लेकर सकारात्मक माहौल देखा जा रहा है और वे जल संरक्षण के महत्व को समझते हुए इसमें सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं।

जल संकट से निपटने के साथ रोजगार सृजन पर भी फोकस

जनपद पंचायत वाड्रफनगर के सीईओ निजामुद्दीन ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को लगातार प्राथमिकता दी जा रही है। पंचायत क्षेत्र में डबरी निर्माण, नए तालाबों का निर्माण और पुराने तालाबों के गहरीकरण जैसे कार्य भी निरंतर किए जा रहे हैं।

उन्होंने ग्रामीण श्रमिकों से अधिक संख्या में मनरेगा कार्यों से जुड़कर स्थानीय स्तर पर रोजगार प्राप्त करने और जल संरक्षण अभियान को सफल बनाने की अपील की।

Share This Article