महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर रेल परिवार को दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
रिपोर्ट: अभिषेक कुमार पाण्डेय | रिपोर्टर, बिलासपुर | छत्तीसगढ़
बिलासपुर, 15 अगस्त 2026। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय, बिलासपुर में 15 अगस्त को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस पारंपरिक उत्साह, उल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्यालय परिसर में आयोजित समारोह में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की धुन से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से गुंजायमान हो उठा।
आकर्षक परेड ने बढ़ाया समारोह का उत्साह
ध्वजारोहण के बाद महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने रेलवे सुरक्षा बल, सिविल डिफेंस, सेंट जॉन्स एम्बुलेंस, एनसीसी तथा स्काउट एवं गाइड के जवानों और स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत परेड का निरीक्षण किया। आरपीएफ के बैंड की शानदार प्रस्तुति ने समारोह में देशभक्ति और उत्साह का संचार किया।
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को किया नमन
अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने सभी रेलकर्मियों और उनके परिवारजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त केवल राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, त्याग और बलिदान को कृतज्ञतापूर्वक स्मरण करने का अवसर है।
उन्होंने सभी रेलकर्मियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
यात्री सुविधाओं और आधुनिकीकरण पर जोर
महाप्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेलवे देश की एकता, प्रगति और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने वाली महत्वपूर्ण जीवनरेखा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे सुरक्षित, समयबद्ध, आधुनिक और यात्री-केंद्रित रेल सेवाओं के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहा है।
उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए स्टेशनों के आधुनिकीकरण, यात्री सुविधाओं के विस्तार और डिजिटल सेवाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 15 स्टेशनों पर विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं, जबकि 6 स्टेशनों का हाल ही में उद्घाटन किया गया। गत वर्ष 14 एस्केलेटर, 5 लिफ्ट और 12 नए फुट ओवर ब्रिज उपलब्ध कराए गए। दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए 207 स्टेशनों को व्हीलचेयर के अनुकूल बनाया गया है।
माल ढुलाई में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का उल्लेखनीय प्रदर्शन
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने माल ढुलाई के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 261.25 मिलियन टन माल लदान किया गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.2 प्रतिशत अधिक रहा। वहीं 30,410 करोड़ रुपये की ऑरिजिनेटिंग फ्रेट आय के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे भारतीय रेलवे में प्रथम स्थान पर रहा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई तक 87.56 मिलियन टन माल लदान किया जा चुका है।
‘कवच’ सहित आधुनिक सुरक्षा तकनीक पर जोर
संरक्षित रेल परिचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक सिग्नलिंग प्रणाली और स्वदेशी सुरक्षा तकनीक ‘कवच’ के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। बिलासपुर-चांपा सेक्शन में 50 रूट किलोमीटर पर कवच SIL-0 की कमीशनिंग तथा कलमना-सालवा सेक्शन में कवच SIL-4.0 का सफल ट्रायल पूरा किया गया है। वर्तमान में 255 लोकोमोटिव कवच प्रणाली से लैस किए जा चुके हैं।
इसके अलावा गत वर्ष 22 रोड ओवर ब्रिज और 29 रोड अंडर ब्रिज का निर्माण पूरा किया गया तथा 36 समपार फाटकों को स्थायी रूप से बंद किया गया।
मानव संसाधन को बताया रेलवे की सबसे बड़ी ताकत
महाप्रबंधक ने मानव संसाधन को रेलवे की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए कहा कि अप्रैल से जुलाई 2026 के दौरान 4,513 कर्मचारियों ने रेलवे परिवार में अपनी सेवाएं शुरू कीं। कर्मचारियों के कैरियर विकास और कल्याण के लिए प्रोन्नति, MACP, प्रशिक्षण, छात्रवृत्ति एवं वित्तीय प्रोत्साहन जैसी पहलें की जा रही हैं।
सौर ऊर्जा और जल संरक्षण पर भी काम
पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में गत वर्ष 2,264 किलोवाट पीक क्षमता के सोलर प्लांट स्थापित किए गए। वर्तमान वित्तीय वर्ष में जुलाई 2026 तक अतिरिक्त 1,981 किलोवाट पीक क्षमता के सोलर प्लांट कमीशन किए गए हैं। रूफटॉप सोलर प्लांट से 1.71 करोड़ रुपये की बचत और 4,924 टन कार्बन उत्सर्जन में कमी दर्ज की गई।
जल संरक्षण के लिए दो जलाशयों का निर्माण एवं उन्नयन किया गया तथा 17 स्टेशनों पर वाटर ऑडिट कराया गया।
RPF के अभियानों की सराहना
महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’, ‘ऑपरेशन अमानत’ और ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ सहित मादक पदार्थों और अवैध टिकट दलालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों की उपलब्धियों का उल्लेख किया।
वर्कशॉप ने भी बनाए रिकॉर्ड
समारोह में विभिन्न विभागों की उपलब्धियों की भी सराहना की गई। रायपुर वैगन रिपेयर शॉप ने 5,747 वैगनों का अब तक का सर्वाधिक POH आउटटर्न हासिल किया। वहीं मोतीबाग वर्कशॉप ने 490 कोचों का सर्वाधिक वार्षिक आवधिक अनुरक्षण आउटटर्न दर्ज किया। मोतीबाग वर्कशॉप को पहली बार CII की GreenCo Gold Rating भी प्राप्त हुई।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहे। रेलवे स्कूल के बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में देशभक्ति और प्रेरणादायी प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा देशभक्ति से ओतप्रोत समूह नृत्य ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने रेल परिवार और अतिथियों की खूब तालियां बटोरीं।
बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
समारोह में अपर महाप्रबंधक, सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी, यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि, रेलकर्मियों के परिजन, सेवानिवृत्त रेलकर्मी, मीडिया प्रतिनिधि तथा रेलवे स्कूल के बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने सभी रेलकर्मियों और उनके परिवारजनों के सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उन्होंने सभी से सेवा, संरक्षा, समर्पण और उत्कृष्टता के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में योगदान देने का आह्वान किया।


