Tamnar Uthaigiri Case : ₹2.44 लाख की उठाईगिरी का मास्टरमाइंड हरि उर्फ विशाल नट गिरफ्तार

Advertisement

अपेक्स बैंक और बाजारपारा में तीन वारदातों को दिया था अंजाम, साथी पहले ही गिरफ्तार; प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाकर पुलिस ने की कार्रवाई


तीन अलग-अलग उठाईगिरी की वारदातों का मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त में (Tamnar Uthaigiri Case)

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में तमनार थाना पुलिस ने बैंक एवं सार्वजनिक स्थानों पर लगातार उठाईगिरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के फरार मास्टरमाइंड हरि उर्फ विशाल नट (41 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने अपने साथी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा के साथ मिलकर तीन अलग-अलग घटनाओं में कुल ₹2 लाख 44 हजार की उठाईगिरी की थी। आरोपी एक अन्य मामले में जिला जेल बैकुंठपुर में निरुद्ध था, जिसे प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया गया।


अपेक्स बैंक और बाजारपारा में तीन वारदातों से लोगों को बनाया था निशाना

पुलिस के अनुसार पहली वारदात 9 अप्रैल 2026 को हुई, जब झरना निवासी गोसाई राम राठिया के बैग से बाजारपारा में ₹20 हजार, पासबुक और एटीएम कार्ड चोरी कर लिए गए।

दूसरी घटना 14 मई 2026 को हुई, जब सराईपाली निवासी रहंसराम खम्हारे अपेक्स बैंक तमनार से ₹24 हजार निकालने के बाद यात्री प्रतीक्षालय में बैठे थे। इसी दौरान उनका नकदी और दस्तावेजों से भरा बैग चोरी हो गया।

तीसरी वारदात 8 जून 2026 को हुई, जब गौरबहरी निवासी लोकेश्वर पटेल बैंक से ₹2 लाख निकालकर मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर तहसील कार्यालय गए थे। लौटने पर डिक्की टूटी मिली और पूरी राशि गायब थी।


सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस (Tamnar Uthaigiri Case)

लगातार हो रही उठाईगिरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर अपेक्स बैंक एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस हरि उर्फ विशाल नट और उसके साथी धर्मेन्द्र नट तक पहुंची।


साथी पहले गिरफ्तार, दो अपाचे बाइक और वारदात में प्रयुक्त औजार हो चुके हैं बरामद

पुलिस ने 19 जून 2026 को आरोपी धर्मेन्द्र नट को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने अपने साथी हरि उर्फ विशाल नट के साथ तीनों वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की थी। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई दूसरी नई अपाचे बाइक तथा डिक्की तोड़ने में इस्तेमाल किए गए लोहे के औजार बरामद किए गए थे।


प्रोडक्शन वारंट पर जेल से लाकर पूछताछ, चोरी की रकम जुए और मौज-मस्ती में खर्च करने की बात कबूली

विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी हरि उर्फ विशाल नट के जिला जेल बैकुंठपुर में निरुद्ध होने की जानकारी मिलने पर तमनार पुलिस ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे रिमांड पर लिया। पूछताछ में आरोपी ने तीनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि चोरी की रकम का अपने साथी के साथ बंटवारा कर अधिकांश पैसा जुआ खेलने और खाने-पीने में खर्च कर दिया।


न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी, पुलिस टीम की भूमिका रही सराहनीय

आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे पुनः न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। तीनों मामलों का खुलासा करने और आरोपियों तक पहुंचने में थाना प्रभारी प्रशांत राव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Share This Article