Jutmil Crime News : पत्नी को बुलेट मोटरसाइकिल से कुचलकर हत्या की कोशिश, आरोपी पति गिरफ्तार

Advertisement
Advertisement

चरित्र शंका को लेकर हुए विवाद के बाद वारदात, जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा


महिलाओं के विरुद्ध अपराध पर रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई, हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार (Jutmil Crime News)

रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर चलाए जा रहे त्वरित कार्रवाई अभियान के तहत जूटमिल थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर अपनी पत्नी को बुलेट मोटरसाइकिल से कई बार कुचलकर हत्या का प्रयास करने का आरोप है।


प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ विवाद, प्रताड़ना से परेशान होकर अलग रहने लगी थी महिला

पुलिस के अनुसार, पीड़िता गणेशी साहू (32 वर्ष) निवासी कोड़ातराई ने 3 जुलाई 2026 को थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2014 में उसका अमित साहू से प्रेम विवाह हुआ था और उनके दो बच्चे हैं। विवाह के बाद आरोपी शराब के नशे में अक्सर विवाद और मारपीट करता था। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर वह बच्चों को सास के पास छोड़कर अलग किराए के मकान में रहने लगी थी।


चरित्र शंका में बुलेट से कई बार कुचलने का आरोप, महिला गंभीर रूप से घायल (Jutmil Crime News)

रिपोर्ट के अनुसार, 30 जून को पीड़िता के जन्मदिन पर आरोपी उसे भविष्य में सुधारने और शराब नहीं पीने का भरोसा देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद 3 जुलाई की रात कोड़ातराई में चरित्र शंका को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि जान बचाने के लिए घर से बाहर भाग रही महिला को आरोपी ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल क्रमांक CG-16-CQ-2698 से टक्कर मारकर गिरा दिया और हत्या की नीयत से मोटरसाइकिल कई बार उसके ऊपर चढ़ा दी। घटना में महिला के हाथ, सिर, गर्दन, जांघ, चेहरे सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।


हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल

पीड़िता की शिकायत पर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 362/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित साहू (36 वर्ष) निवासी कोड़ातराई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में सख्त कार्रवाई जारी, एसएसपी ने दिया स्पष्ट संदेश

रायगढ़ पुलिस ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि घरेलू विवाद की आड़ में अपराध करने वालों के विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा या जानलेवा हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Advertisement
Share This Article