रायगढ़ में युवती से छेड़छाड़ मामले में त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 1 अप्रैल। महिला थाना रायगढ़ पुलिस ने युवती से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 29 मार्च 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 26 फरवरी की रात ड्यूटी से लौटते समय देवांगन धर्मशाला के पास दो युवकों ने उसके साथ छेड़छाड़ की। आरोप है कि दोनों ने युवती के बाल खींचे और अभद्र व्यवहार किया। विरोध करने पर विवाद के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। डीएसपी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशांत सोनी (24) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।

वहीं, मुख्य आरोपी बाटली खान अभी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

इस पूरे मामले में पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में त्वरित, संवेदनशील और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Advertisement
Share This Article