सूरजपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सोनपुर के यादवपारा में एक ही रात में कई स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। अज्ञात चोरों ने घरों के सामने लगे मोटर पंपों के विद्युत तार चोरी कर लिए। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों ने कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई है।
120 मीटर विद्युत वायर चोरी
ग्राम सोनपुर निवासी कौशलेन्द्र यादव ने बताया कि 31 जुलाई की रात उनके घर के सामने लगे मोटर पंप से करीब 120 मीटर विद्युत वायर चोरी हो गया। सुबह घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
रात्रि गश्त पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अपराधियों में पुलिस का भय नहीं दिख रहा। उनका आरोप है कि नियमित रात्रि गश्त और प्रभावी निगरानी के अभाव में चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का कहना है कि आपात स्थिति में पुलिस अधिकारियों से तत्काल संपर्क और मौके पर समय पर पुलिस की मौजूदगी बेहद जरूरी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सूचना तंत्र को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि अपराधों पर समय रहते अंकुश लगाया जा सके।
नए थाना प्रभारी के सामने चुनौती
हाल ही में नए थाना प्रभारी ने कोतवाली का कार्यभार संभाला है। ऐसे में शुरुआती दिनों में ही लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक से नियमित रात्रि गश्त बढ़ाने, सक्रिय चोर गिरोह का जल्द खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।
सूरजपुर चोरी : पदभार संभालते ही बढ़ीं चोरियां, एक ही रात में कई वारदातों से ग्रामीणों में दहशत

Advertisement
आज का ई-पेपर 📄



