सुंदरगढ़। सुंदरगढ़ पुलिस जिले के रायबोगा थाना क्षेत्र के बड़ामाल गांव में संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। करीब दो महीने पहले हुई एक व्यक्ति की मौत को लेकर उसकी पत्नी ने संदेह जताते हुए पुलिस से शिकायत की। शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए सुंदरगढ़ भेजा गया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
22 जून को मिली थी पति की मौत की सूचना
जानकारी के अनुसार बड़ामाल गांव निवासी प्रभुदयाल टोप्पो (37 वर्ष) ट्रैक्टर पर काम करते थे। उनकी पत्नी सुषमा अपनी 6 वर्षीय बेटी के साथ राउरकेला में रहती थीं। बताया गया कि 21 जून को प्रभुदयाल अपनी पत्नी और बेटी को राउरकेला में छोड़कर अकेले अपने गांव बड़ामाल लौट आए थे।
अगले दिन 22 जून को दोपहर करीब 12 बजे उनकी पत्नी को पति की मौत की सूचना मिली। खबर मिलने के बाद सुषमा अपनी बच्ची के साथ बड़ामाल पहुंचीं। परिवार की मौजूदगी में अंतिम संस्कार के बाद प्रभुदयाल को दफना दिया गया।
पत्नी को मौत की परिस्थितियों पर हुआ संदेह
पति की मौत को लेकर सुषमा के मन में संदेह बना हुआ था। उन्हें आशंका थी कि प्रभुदयाल की मौत सामान्य परिस्थितियों में हुई या फिर उनके साथ कोई आपराधिक घटना हुई। इसी संदेह को दूर करने के लिए उन्होंने 8 अगस्त को रायबोगा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
प्रशासन और वैज्ञानिक टीम की मौजूदगी में निकाला शव
शिकायत के आधार पर रायबोगा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। इसके बाद रायबोगा पुलिस, हातिबारी थाना प्रभारी, बीरमित्रपुर के अतिरिक्त तहसीलदार, मजिस्ट्रेट बंदना महापात्रा, वैज्ञानिक टीम तथा ग्रामीणों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से कब्र खोदकर प्रभुदयाल का शव बाहर निकाला गया।
शव को आवश्यक जांच और पोस्टमार्टम के लिए सुंदरगढ़ भेज दिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रभुदयाल की मौत किन परिस्थितियों में हुई थी। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।


