जशपुर/पत्थलगांव। ग्राम सूरजगढ़ ऊपरपारा स्थित रथ मेला में खुड़खुड़िया पट्टी और गोटी के जरिए जुआ खिलाने वालों के खिलाफ पत्थलगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग जुआ फड़ों से कुल 77,240 रुपये नगद सहित जुआ खेलने और खिलाने में इस्तेमाल सामग्री जब्त की है। मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार 8 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सूरजगढ़ ऊपरपारा रथ मेला में कुछ लोग खुड़खुड़िया के जरिए रुपये-पैसे का हार-जीत का दांव लगवाकर जुआ खिला रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर कार्रवाई की।
दो जुआ फड़ों से 77 हजार से ज्यादा बरामद
मौके पर दो अलग-अलग जुआ फड़ संचालित मिले। पहले फड़ से निराकार खुटिया, विजय भगत, अगस्तु भगत और नितेश किण्डो के कब्जे से 42,810 रुपये बरामद किए गए। वहीं दूसरे फड़ से दिलीप खलखो, अकबर किण्डो और रंजीत किण्डो के कब्जे से 34,430 रुपये जब्त किए गए। दोनों फड़ों से कुल 77,240 रुपये बरामद हुए।
जुआ सामग्री भी जब्त
पुलिस ने मौके से खुड़खुड़िया पट्टी, 6 प्लास्टिक की गोटियां, बांस की टोकरी, प्लास्टिक की चटाई, करीब 3 लीटर क्षमता का लाल रंग का पेट्रोमैक्स गैस लैंप सहित जुआ खेलने-खिलाने में इस्तेमाल अन्य सामग्री भी जब्त की।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना पत्थलगांव में अपराध क्रमांक 168/2026 और 169/2026 दर्ज किए हैं। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2), 4 एवं 6 के तहत कार्रवाई की गई। विवेचना के बाद सभी 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
एसएसपी ने कहा— गैरकानूनी गतिविधियों पर जारी रहेगी कार्रवाई
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पत्थलगांव क्षेत्र में मेले के दौरान खुड़खुड़िया के जरिए जुआ खिलाने वाले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस जुआ और सट्टा जैसी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। ऐसे अपराधों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पाण्डेय, सउनि लखेश कुमार साहू सहित थाना पत्थलगांव पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


