मध्यान्ह भोजन में कीड़े मिलने पर छात्र को थप्पड़, स्व सहायता समूह की जिम्मेदारी हटाई

By
Advertisement

कोरबा। जिले के पाली ब्लॉक के शासकीय मिडिल स्कूल घुईचुवां में मध्यान्ह भोजन को लेकर लापरवाही और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। बुधवार को गंगा महिला स्व सहायता समूह द्वारा 61 विद्यार्थियों के लिए तैयार मध्यान्ह भोजन में कीड़े मिलने की शिकायत के बाद, विरोध जताने पर समूह की अध्यक्ष कौशल्या बाई कंवर ने कक्षा 8वीं के एक छात्र को थप्पड़ मार दिया, जिससे उसके गाल पर निशान पड़ गया।

घटना की जानकारी मिलने पर स्कूल शिक्षकों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) श्यामानंद साहू को इसकी शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीईओ) एमआर मरकाम को जांच के लिए स्कूल भेजा। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर गंगा स्व सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन की जिम्मेदारी से मुक्त कर दिया गया और उसके स्थान पर प्राथमिक शाला में कार्यरत एक अन्य समूह को नियुक्त किया गया है।

स्कूल के प्रधान पाठक चमार सिंह श्याम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विद्यालय में लंबे समय से भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें आ रही थीं। समूह द्वारा भोजन के लिए चावल की ठीक से सफाई नहीं की जाती थी, जिससे बच्चों को आए दिन समस्या होती थी। बुधवार को भोजन प्रभारी शिक्षक को परोसे गए भोजन में कोई गड़बड़ी नजर नहीं आई, लेकिन बच्चों की थालियों में कीड़े स्पष्ट रूप से दिखाई दिए।

बीईओ श्यामानंद साहू ने बताया कि शिक्षकों की शिकायत के आधार पर जांच कराई गई और दोषी समूह को तत्काल हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि नए समूह को नियुक्त करने का उद्देश्य बच्चों को बेहतर और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराना है।

जांच में ये तथ्य आए सामने:

स्व सहायता समूह बिना साफ-सफाई के भोजन तैयार कर रहा था।

पूर्व में भी भोजन की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें मिल चुकी थीं।

छात्र के साथ दुर्व्यवहार करने पर समूह को तत्काल हटाया गया।


शिक्षा विभाग ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *