बिलासपुर/रायपुर, 6 अगस्त 2026। राज्य के खिलाड़ियों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया। राज्य शासन ने उत्कृष्ट खिलाड़ियों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी कर दी है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस सूची का राजपत्र में प्रकाशन कर दिया है। यह सूची छत्तीसगढ़ उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शासकीय सेवा में नियुक्त करने की नीति-2007 के प्रावधानों के तहत अधिसूचित की गई है।
20 खेलों के 156 खिलाड़ियों का चयन
जारी सूची में राज्य के 20 विभिन्न खेलों के कुल 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इन खिलाड़ियों को शासन की निर्धारित नीति के तहत आगे शासकीय सेवाओं में नियुक्ति का लाभ मिलेगा।
उच्च स्तरीय समिति ने दी थी मंजूरी
बताया गया कि 30 जून 2026 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समिति की बैठक में उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को अनुमोदित किया गया था। इसके बाद सूची को राजपत्र में प्रकाशन के लिए सामान्य प्रशासन विभाग को भेजा गया।
2018-19 और 2019-20 के आवेदनों पर हुआ निर्णय
उपमुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव सहित समिति के सदस्यों ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 के लिए प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा के बाद 156 खिलाड़ियों के चयन को अंतिम रूप दिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विभाग ने आज राजपत्र में सूची प्रकाशित कर दी।
रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय
जिला संवाददाता, बिलासपुर (छत्तीसगढ़)


