अभिषेक कुमार पाण्डेय
रिपोर्टर, बिलासपुर छत्तीसगढ़
पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय बोले—स्वर्ण आभूषण निर्माण कारोबार के साथ पीढ़ियों से चली आ रही कला और परंपरा
बिलासपुर। बिलासपुर सराफा एसोसिएशन के महीनेभर चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियान’ के छठवें दिन शहर के विकास, सराफा कारोबार की भूमिका और स्वर्ण कारीगरों के योगदान को लेकर चर्चा हुई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
संगठन को समय देना भी जरूरी : राजा पाण्डेय
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजा पाण्डेय ने कहा कि व्यापारियों को अपने व्यवसाय के साथ संगठनात्मक गतिविधियों के लिए भी समय देना चाहिए। उनके अनुसार, मजबूत संगठन के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं और मांगों को शासन-प्रशासन के सामने बेहतर ढंग से रखा जा सकता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली का उदाहरण देते हुए कहा कि किसी भी कार्य को उसके दूरगामी प्रभाव को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को सरकार के समक्ष रखने में सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
स्वर्ण कारीगरों की कला को बताया महत्वपूर्ण परंपरा
राजा पाण्डेय ने स्वर्ण कारीगरों और गलाई विशेषज्ञों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आभूषण निर्माण को केवल व्यापार के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। यह पीढ़ियों से चली आ रही कला, कौशल और रोजगार से जुड़ी परंपरा है।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की मजबूती के लिए व्यापारी, कारीगर और उपभोक्ता के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।
शहर के विकास में सभी की भागीदारी जरूरी : कमल सोनी
कार्यक्रम की शुरुआत मां भारती की आरती और सामूहिक वंदेमातरम् गान से हुई। स्वागत संबोधन में छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर के विकास की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों की भूमिका पर विचार रखे।
उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर सकारात्मक प्रयास करने की जरूरत है।
सराफा संगठनों के प्रतिनिधियों ने दर्ज कराई मौजूदगी
कार्यक्रम में सराफा गलाई एसोसिएशन और सिल्वर होलसेल सराफा एसोसिएशन के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कारोबारी शामिल हुए।
कार्यक्रम में सागर कक्कड़, शशांक अग्रवाल, चंद सोनी, श्रीकांत पाण्डेय, पंकज पारेख, प्रमोद वर्मा, अजय सराफ, रौनक साव, जितेंद्र सोनी, सूरज सोनी, शशांक स्वर्णकार, रवि सलूजा और नवनाथ अवले सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
मंच संचालन सुश्री अलंकृता मिश्रा ने किया। कार्यक्रम के समापन पर श्रीमती निहारिका त्रिपाठी ने अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।
17 अक्टूबर तक जारी रहेगा अभियान
सराफा एसोसिएशन का यह जनजागरूकता अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे आयोजित किया जा रहा है। एसोसिएशन ने नागरिकों और व्यापारियों से अभियान में सहभागिता करने की अपील की है।


