रॉबर्टसन/खरसिया। रायगढ़ जिले के खरसिया तहसील अंतर्गत रॉबर्टसन, चपले और बड़े डूमरपाली क्षेत्र में आयोजित होने वाले श्री श्री 1008 महाकाली पूजा एवं भव्य मेला की तैयारियां शुरू हो गई हैं। आगामी 8 नवंबर से शुरू होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने के लिए आयोजन समिति ने छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी को आमंत्रित किया है। मंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आश्वासन दिया है।
आयोजन समिति ने मंत्री से की सौजन्य मुलाकात
महाकाली पूजा एवं भव्य मेला आयोजन समिति के सदस्य पुरुषोत्तम पटेल, श्याम सुंदर पटेल, दिनेश पटेल, किशन डनसेना, बृंद श्रीवास और हितराम राठिया ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान सदस्यों ने उन्हें धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया और कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
समिति के सदस्यों द्वारा दिए गए निमंत्रण को स्वीकार करते हुए मंत्री ओपी चौधरी ने महाकाली पूजा एवं भव्य मेले में शामिल होने का आश्वासन दिया। उनके इस आश्वासन से आयोजन समिति के सदस्यों में उत्साह है।
वर्षों पुरानी धार्मिक परंपरा से जुड़ा है आयोजन
रॉबर्टसन, चपले और बड़े डूमरपाली क्षेत्र में श्री श्री 1008 महाकाली पूजा का आयोजन वर्षों से धार्मिक श्रद्धा और परंपरा के साथ किया जाता रहा है। इस दौरान दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ आयोजित होने वाला भव्य मेला भी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहता है।
श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील
आयोजन समिति की ओर से इस वर्ष भी पूजा-अर्चना और मेले को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। समिति ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर माता महाकाली का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।


