पंजीयन शुल्क में 50 फीसदी कमी से करीब 25 हजार रुपये की बचत, मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
रायगढ़, 2 सितंबर 2026। महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और संपत्ति में उनकी भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा लिए गए निर्णय का असर अब जमीन की रजिस्ट्री में भी दिखाई देने लगा है। महिलाओं के नाम अचल संपत्ति के पंजीयन पर शुल्क में की गई कमी का लाभ रायगढ़ की शर्मिला मिश्रा को मिला है। रजिस्ट्री प्रक्रिया के दौरान उन्हें करीब 25 हजार रुपये की बचत हुई।
महिलाओं के लिए पंजीयन शुल्क हुआ आधा
राज्य सरकार के निर्णय के तहत महिलाओं के पक्ष में जमीन अथवा अन्य अचल संपत्ति के हस्तांतरण से संबंधित दस्तावेजों पर पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की कमी की गई है। पहले बाजार मूल्य के आधार पर पंजीयन शुल्क 4 प्रतिशत की दर से लिया जाता था, जिसे महिलाओं के नाम होने वाली रजिस्ट्री के लिए घटाकर 2 प्रतिशत कर दिया गया है।
रजिस्ट्री के खर्च में सीधे मिली आर्थिक राहत
रायगढ़ निवासी शर्मिला मिश्रा ने इस सुविधा का लाभ उठाते हुए जमीन की रजिस्ट्री कराई। शुल्क में आधी कमी होने के कारण उन्हें लगभग 25 हजार रुपये की सीधी बचत हुई। उनका कहना है कि इस तरह की सुविधा महिलाओं को अपने नाम पर संपत्ति लेने के लिए प्रोत्साहित करने के साथ आर्थिक रूप से भी राहत देती है।
संपत्ति अधिकार से मजबूत होगी महिलाओं की स्थिति
शर्मिला मिश्रा ने कहा कि महिलाओं के नाम संपत्ति होने से उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ती है और भविष्य के लिए सामाजिक सुरक्षा भी मजबूत होती है। उन्होंने महिलाओं के संपत्ति अधिकार को बढ़ावा देने वाली इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।




