अंतरराष्ट्रीय मंच पर रायगढ़ की बेटियों का जलवा, भारत को दिलाया कांस्य पदक

Advertisement
Advertisement

सोनम, शांति और मानसी की शानदार उपलब्धि; वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी के प्रोत्साहन और जिला प्रशासन के सहयोग से बढ़ा हौसला

रायगढ़, 2 सितंबर 2026। रायगढ़ जिले की तीन युवा खेल प्रतिभाओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय लैक्रॉस टूर्नामेंट में भारतीय महिला लैक्रॉस टीम ने सिंगापुर को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम की इस सफलता में रायगढ़ के महलोई क्षेत्र की सोनम बंजारा, शांति प्रधान और मानसी भूमिया का अहम योगदान रहा।

कलेक्टर से मिलीं पदक विजेता खिलाड़ी

अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतने के बाद तीनों खिलाड़ी अपने कोच देवावतार चौधरी के साथ रायगढ़ कलेक्टोरेट पहुंचीं। यहां उन्होंने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी से मुलाकात की। कलेक्टर ने तीनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और कहा कि जिले की बेटियों का अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए पदक जीतना पूरे रायगढ़ के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

सिंगापुर के खिलाफ दमदार प्रदर्शन

कोच देवावतार चौधरी के अनुसार प्रतियोगिता में भारतीय महिला टीम ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतर खेल कौशल और संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया। सिंगापुर के विरुद्ध मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत हासिल की और कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

वित्त मंत्री और प्रशासन के सहयोग को बताया अहम

कोच और खिलाड़ियों ने बताया कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी तथा जिला प्रशासन की ओर से लगातार प्रोत्साहन और सहयोग मिला है। खिलाड़ियों ने अपनी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि के लिए मिले समर्थन पर वित्त मंत्री और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

जिले की खेल प्रतिभाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिजीत बबन पठारे और एडीएम अपूर्व प्रियेश टोप्पो भी उपस्थित रहे। प्रशासन ने खिलाड़ियों की उपलब्धि को जिले के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन और आवश्यक सहयोग जारी रखने की बात कही।

Advertisement
Share This Article