रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में सीवरेज टैंक हादसा, तीन मजदूरों की दर्दनाक मौत

By
Advertisement
Advertisement

रायपुर। राजधानी रायपुर के पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल (Ramkrishna Care Hospital) में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। अस्पताल के सीवरेज टैंक की सफाई के दौरान अंदर उतरे तीन मजदूर जहरीली गैस के संपर्क में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने के लिए देर रात तक मशक्कत करनी पड़ी।

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गोविंद सेंद्रे, अनमोल मचकन और प्रशांत कुमार के रूप में हुई है। तीनों मृतक सिमरन सिटी के निवासी थे। घटना के समय अस्पताल प्रबंधन ने इन्हें टैंक की सफाई के लिए बुलाया था। टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण तीनों बेहोश हो गए और गिर पड़े।

रेस्क्यू और विवाद:
सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों शव बाहर निकाले गए। इस दौरान परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा करने लगे। पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा। मामले के वीडियो सामने आए हैं, जिनमें बताया गया है कि मृतकों के शवों को एम्बुलेंस में अन्य स्थान पर ले जाया गया।

अस्पताल प्रबंधन का बयान:
प्रबंधन ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि मृतक मजदूर एक बाहरी कॉन्ट्रैक्ट एजेंसी के माध्यम से तैनात थे। यह हादसा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) में मेंटेनेंस कार्य के दौरान हुआ। प्रबंधन ने बताया कि श्रमिकों को गंभीर आपात स्थिति का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उनकी मौत हुई।

प्रबंधन ने कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी और सुरक्षा मानकों के अनुरूप जांच के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। संबंधित कॉन्ट्रैक्ट एजेंसी को नोटिस जारी कर आंतरिक जांच भी शुरू कर दी गई है।

पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई:
तीनों शवों को डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल लाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया चल रही है। परिजन मर्चुरी के बाहर मौजूद हैं और पुलिस उनके बयान दर्ज कर रही है।

Advertisement
Share This Article